सुहाग मांगना कन्या विवाह एक परंपरा

 आजकल विवाह समारोह कार्यक्रम से बनकर रह गए है। अधिकांश रिश्तेदार विवाह में भोजन के समय आते है l और खाना खाकर वहीं सब से मिलकर शगुन ( लेन देन व्यवहार) देकर रवाना हो जाते है। कुछ व्यस्तता के कारण समय का अभाव रहता है कुछ हम अपने घर परिवार तक ही सीमित हो गए है। इस बार मेरे बुआ के बेटे की बेटी की शादी थी, पांच दिन पहले ही मैं पहुंच गया।

पहले पहुंचने का लाभ ये होता है कि कुछ विवाह की रस्में होती है उनकी जानकारी भी मिल जाती है।वरना एक ही रश्म याद है खाना और लिफाफा देना। ऐसा ही चलता रहा तो तो आने वाले समय में ये रस्में जानकारी के अभाव में विलुप्त हो जाएंगी। रस्में तो अनपढ़ और ग्रामीण लोगों ने ही जीवित रखीं है। इस विवाह में एक अविस्मरणीय रस्म देखी जिसने मन को आह्लादित कर दिया।

 जिस दिन बारात आने को थी उस इन कन्या सुबह स्नान आदि करके तैयार हुई घर परिवार गांव की महिलाएं एकत्र हुई और गीत गाते हुए घर से निकल गई।

गीत गाती जा रहीं थी-


"गोरा रानी ने भेजा सुहाग सुहागन तेरे लिए"

"सिया सजधज चली है सुहाग मांगने"

मैने बुआ जी से पूछा ये सब कहां जा रहे है तो बुआ जी ने बताया कि धोबिन के घर जा रहे है सुहाग मांगने।

मै भी कुछ दूरी पर रहते हुए उनके साथ हो लिया । महिलाएं गीत गा रही थी मध्य में कन्या चल रही थी बढ़ा गांव था एक डेढ़ किलोमीटर की दूरी थी जिस कन्या का आज रात्रि को विवाह था घर में तीन चार गाड़ियां थी फिर पैदल चल रही थी क्योंकि कुछ देने नहीं मांगने जा रही थी धोबिन के सम्मान को ठेस न पहुँचे । जैसे ही सब लोग धोबिन के घर पहुंचे नीचे जमीन पर बैठ गए जहाँ धोबिन काकी ने दरी बिछवाई थी। महिलाएं अभी भी सुहाग मांगने के गीत गा रहीं थीं। घर के अंदर से स्नानादि कर नए वस्त्र पहन कर धोबिन काकी निकलीं,हाथ में सजी हुई थाली थी थाली में सिंदूर, मेंहदी, महावर,चूडियां आदि श्रृंगार का सामान था। कन्या ने नीचे गर्दन झुकाए साड़ी के पल्लू की झोली बनाकर धोबिन काकी के आगे बढ़ा दी। धोबिन काकी ने श्रृंगार की सामग्री कन्या की झोली में डाल दी और सिर पर हाथ फेरते हुए अटल सौभाग्य का आशीर्वाद दिया । महिलाएं गीत गाने लगीं -

"गलियाँ के गलियां धोबिन पुकारे खेले है अटल सुहाग ललनवा।"

मै दूर खड़ा भाव विभोर था कितना अपनापन? शब्द ठहर गए थे। कैसा समरस समाज, कोई जाति पांति नहीं।गांव की बेटी की शादी में किसी न किसी रूप में सब की सहभागिता और अपनत्व चरम पर।

गीत गाती हुई महिलाएं घर की ओर लौट आई। घर के आंगन में परिवार की बुजुर्ग महिलाओं ने भी कन्या को अटल सुहाग का आशीर्वाद देकर श्रृंगार का सामान कन्या को दिया।

विवाह सम्पन्न हुआ तो दूसरे दिन मैने बुआ से पूछा कि धोबिन काकी के घर सुहाग मांगने की रस्म भी विवाह में होती है? धोबिन से ही सुहाग क्यों मांगा जाता है? बुआ ने बताया ये परम्परा प्राचीन है इसके बारे में सोमवती अमावस्या की व्रत कथा में बताया गया है। धोबिन से ही सुहाग इसलिए मांगा जाता है कि इस कथा में धोबिन ने मरे हुए वर को जीवित कर दिया था। अटल सौभाग्य का आशीर्वाद देने की सामर्थ्य केवल धोबिन में ही है। यह परंपरा उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल बिहार और राजस्थान के कुछ भागों में है। जहां भी यह परंपरा है एक श्रेष्ठ परम्परा है और समाज को जोड़ने वाली परंपरा है।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद