संयुक्त परिवार

 


जिस परिवार तीन या तीन से अधिक पीढ़ियां एक साथ रहती हों और एक ही रसोई में खाना बनता हो ,ऐसे परिवार को संयुक्त परिवार कहते है। संयुक्त परिवार में एक का दुख सबका दुख एक का सुख सबका सुख होता है।

भारत जैसे देश में अभी भी आपको बहुत से परिवार  देखने को मिल जायेंगे जिनकी रसोई में 200 से अधिक लोगों का खाना एक साथ बनता है। अन्य देशों में भी यह परंपरा रही है या नही लेकिन भारत में पिछली शताब्दी तक लगभग संयुक्त परिवार थे। परंतु आज बहुत कम देखने को मिलते हों।

 संयुक्त परिवार टूटने के कई कारक हो सकते है । इनमे से एक महत्वपूर्ण कारक है रोजगार। भारत कृषि प्रधान देश है ।अधिकांश लोगों का व्यवसाय कृषि है।कृषि कार्य हेतु कई लोगों की आवश्यकता होती थी सभी मिलकर खेती करते। साथ रहते साथ खाते। जब परिवार बढ़ने पर आय के साधन कम हुए तो लोग गांवो से शहरों की ओर रोजगार हेतु जाने लगे। जब शहर में काम करते तो गांव में साथ रहना छूट गया साल छः महीने में एक दो दिन के लिए जाते। तो धीरे धीरे परिवार से प्रेम काम होने लगा।आवश्यकता के अनुरूप अपनी पत्नी और बच्चों को साथ लेकर शहर में रहने लगे। धीरे धीरे परिवार में जाना आना कम हो गया। संपन्न लोगों की नकल करने लगे। जब रोजगार  मिला तो जीवन स्तर में सुधार हुआ। गांव के अन्य परिवारों के लोगों ने या देखा तो वे भी शहरों की ओर काम की तलाश में निकल लिए।


मेरी नजर में संयुक्त परिवार टूटने का जो प्रमुख कारण  रहा वह है व्यक्ति की महत्वाकांक्षा और निजी स्वार्थ। काम करने वाले व्यक्ति को यह लगने लगा कि सारे परिवार को वही चला रहा है यदि वह परिवार से अलग हो जाएं तो उसका जीवन स्तर परिवार के अन्य सदस्यों से श्रेष्ठ होगा। तथा अन्य सदस्यों को मेरे अलग होने के बाद ही  मेरी महत्ता पता चलेगी।

परिवार की महिलाओं ने भी इस व्यवस्था को अपनी स्वतंत्रता में बाधक माना।संयुक्त परिवार की जो मर्यादाएं थी वे उन्हे बंधन लगने लगी। और जो इस व्यवस्था का सकारात्मक पहलू था उसकी ओर ध्यान ही नही गया।


संयुक्त परिवार  के गुणों पर यदि हम विचार करें तो इस व्यवस्था में यदि एक व्यक्ति बीमार हो जाए तो उसे पूरा परिवार संभालता था।यदि एक व्यक्ति शारीरिक रूप से अक्षम भी हो जाए तो भी उस व्यक्ति के परिवार को कोई परेशानी नही होती थी। बच्चे संस्कारवान होते थे उन्हे दादा दादी के अनुभव का लाभ मिलता था। बच्चे जब अपने माता पिता को उनके माता पिता के साथ व्यवहार को देखते थे तो उन्हें अपने माता पिता के साथ कैसा व्यवहार करना है स्वत: सीख जाते थे। परिवार में सुरक्षा का वातावरण रहता था। क्योंकि यहां परिवार की निगरानी करने वाले अनेक सदस्य थे।  घर पर आने जाने वाले व्यक्ति पर नजर रहती थी ।घर के बुजुर्ग सदस्य घर के बाहर वाली बैठक में रहा करते थे जो सीसी कैमरे का काम करते थे। 


संयुक्त परिवार आज लगभग ना के बराबर रह गए है। आज हमारे तनाव का कारण एकल परिवार ही है। हम आर्थिक दृष्टि से भले संपन्न हो गए हों। पर सामाजिक दृष्टि से हम कहां है इस का आभास नही है। संयुक्त परिवार में जहां एक भाई काम भी कमाता था लेकिन सामाजिक स्तर सभी का बराबर रहता था। आज कई भाई आर्थिक रूप से इतने संपन्न हो गए है की उन्हे अपने भाइयों से मिलने में भी शर्म महसूस होती है। आज एकल परिवार में शहर में यदि महिला को प्रसव करवाना हो तो सास का अभाव खलता है।  काम पर जाने के बाद बच्चों की चिंता माता पिता की कमी महसूस करवा देती है। युवा बच्चों की देखभाल करने बाला उनसे बातचीत करने वाला कोई नही रहा। इनके क्या नतीजे आ रहे है हम सब जानते है।


एकल परिवार तनाव का कारण भी है।क्योंकि आर्थिक दृष्टि से व्यय अधिक होता है जहा संयुक्त परिवार में एक फ्रिज ,एक गाड़ी,एक फोन से पूरे परिवार का काम चल जाता था। आज  सभी भाइयों को अलग अलग चाहिए। दिन रात बच्चों की देखभाल की चिंता,बैंक के कर्जे की किस्त की चिंता सताती रहती है। परेशानी में हमारा मार्गदर्शन करने वाला कोई नही है। हम अपने माता पिता के  उस अनुभव से वंचित है जो किसी किताब में नही मिलता।


 पहले हमने अपनी महत्वाकांक्षाओं और अपने स्वार्थ  पर ही विशेष ध्यान दिया। हम ने वर्षों पुरानी व्यवस्था को अपने स्वार्थ के कारण तहस नहस किया। आज मुसीबत पड़ने पर हम कह तो देते है कि कोई किसी का नही कभी हमने विचार किया की हम किसके हुए। शायद वह व्यवस्था फिर लौटे और हम तनाव मुक्त जीवन जी सकें ।जहां सब का दुख हमारा और हमारा सुख सब का सुख हो सके।परंतु निकट भविष्य में ऐसा होता प्रतीत नही होता।मुझे तो आशंका यह है की यदि हमने अपनी महत्वाकांक्षाओं पर नियंत्रण नही किया तो आने वाले समय में पति पत्नी भी एक साथ नही रह पाएंगे।क्योंकि परिवार में मर्यादा का बंधन है। और बंधन हमे स्वीकार्य नहीं है।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद