आइए खुल कर हंसे

 


मानव चिंतनशील प्राणी है। कब बैठे बैठे क्या सोचने लगे कुछ कहा नहीं जा सकता।  व्यक्ति ज्यादा  सोचते सोचते इतना सोचने लगता है की लोग फिर उसके बारे में सोचने लगते है।लोग पूछते है भाई साहब क्या हुआ ?कोई टेंशन है क्या?व्यक्ति कहेगा कि नही, सब ठीक है ।आज कल बीपी थोड़ा बढ़ रहा है। सब कुछ ठीक है कोई टेंशन भी नहीं है। पता नही ऐसा क्यों होता है? पर उसे याद नही रहता की कई बार वो बहुत कुछ सोच रहा होता है। वही सामान्य चिंतन डिप्रेशन की ओर ले जाता है।

कल की ही बात है मैं आराम से लेटा हुआ था। अचानक मैं सोचने लगा कि मैं कब से खुल कर हंसा नहीं। बहुत सोचने के बाद भी मुझे याद नही आया कि मैं कब से नहीं हंसा। हां कभी कभी किसी का व्हाट्सएप स्टेटस  पढ़ते हुए मंद मंद मुस्कुराया जरूर हूं।

मेरी हंसी किसने छीन ली। मुझे हंसने से किसने मना किया।  मुझे कुछ भी दु:ख नही है पर मेरी हंसी कहां खो गई है?    अब हंसी मिलेगी कहां? 

ऐसे बहुत से प्रश्न  मैने खुद से किए पर मै निरुत्तर रहा।

आप में से भी बहुत से लोग होंगे जो मुझे पढ़ते समय जरूर सोचेंगे कि आखिर वे कब से नही हंसे। हो सकता है आप मेरी तरह फिजूल की बातों पर ध्यान न दें।

मेरे एक मित्र है मेरे बीएड के सहपाठी । मैं जब भी उनसे फोन पर बात करता हूं , वह सदैव हंस कर बात करता है। पता नही कैसे हंस लेता है। किस मिट्टी का बना है।इस दौर में भी हंस लेता है। 

चिंतन करते हुए ध्यान में आया कि मेरे एक मित्र थे जब मैं उनके साथ रहता था तब मैं खूब हंसा करता था। पर वो बिछड़ गए।  वो भी हमेशा हंस कर मिलते थे। वो एक बात कहा करते थे कि मैं किसी के बंधन में नही रहता एक स्थान रिक्त हो जाए तो मैं तुरंत उस रिक्त स्थान को भर लेता हूं। आज आप मेरे मित्र है रोज साथ उठते बैठते है कल आप कही बाहर चले गए तो मेरे पास जो आएगा मैं आपको भूल जाऊंगा उसे अपना मित्र बना लूंगा। मुझे उनकी यह बातचीत उस दिन अच्छी नही लगी।मै रात भर सोचता रहा कैसा अजीब आदमी है।पीएचडी है ,नाम के आगे डॉक्टर लिखता है तमीज दो पैसे की नही है ।मेरे मुंह पर ये बात कहने की उसे क्या जरूरत थी।

आज मुझे डॉक्टर साहब की बात बहुत याद आती है कि हमारी  खुशियां भी कोई चीज है। हम किसी के बंधन में क्यों जकड़ जाएं। डॉक्टर साहब थोड़े अव्यवहारिक जरूर थे पर वे अपनी खुशियों की चिंता जरूर करते थे। 

आज बहुत दिनो से यदि नहीं हंसा  हूं तो उसके लिए मैं ही दोषी हूं। मैं एकांतजीवी हो गया हूं। मैं मोबाइल जीवी हो गया हूं।मै मोबाइल में ही खोया रहता हूं। ऑफिस और मोबाइल बस ये ही जिंदगी बची है।मै परिवार के उत्तरदायित्वों और मोबाइल में ऐसा जकड़ गया हूं कि अपनों के साथ रहते हुए भी मैं अकेला हूं।

हंसी एक सामाजिक प्रक्रिया है।हंसने के लिए काम से कम दो आदमी जरूरी है।यदि आप अकेले में हंसते है तो लोग आपको इलाज के लिए आगरा ले जायेंगे। इसलिए हंसने के लिए मित्रों का होना बहुत जरूरी है।

अब मोबाइल  का जमाना है।आदमी के पास दूसरों के लिए समय ही नही है। आदमी पता नही क्यों अपने मोबाइल के साथ अकेले में रहना पसंद करता है। परिचितों और रिश्तेदारों के घर आना जाना कम हुआ है। मेरे एक सहपाठी मित्र है मेरे बगल वाली गली में रहते हैं।मेरे साथ कई व्हाट्स ग्रुप में जुड़े है यहां वे सक्रिय सदस्य है। पर हमें मिले सात आठ साल हो गए। 

 प्रातः भ्रमण पर निकलता हूं तो एक पार्क में अधेड़ उम्र के 15-20 लोगों को जोर जोर से कृत्रिम हंसी हंसते देखता हूं। तो मुझे लगता है हंसने का मात्र यही तरीका बचा है। यदि आप को मेरी बात सत्य के निकट लग रही है और आप को भी हंसी कब आई थी याद नही तो निकलिए घर से प्रत्यक्ष जाकर मिलिए अपनों से ।नही तो कुछ दिन बाद हम और आप भी पार्क के एक कोने में बैठकर कृत्रिम हंसी हंस रहे होंगे।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद