ठाकुर का चबूतरा



 एक बहुत बड़ा गांव था ।सात टोलों में बंटा।जिनमे चार टोलों में ठाकुरों के घर थे। गांव में छोटी गढ़ी थी ,ठाकुर साहब की। बड़ा रसूख था गढ़ी के ठाकुर जंग बहादुर सिंह का । घर के आगे बैठक थी। बैठक के चबूतरे पर   एक तख्त और सात आठ मूढ़े रखे रहते थे। जमघट सा लगा रहता था ठाकुर साहब के चबूतरे पर। आगरा से छपने वाला दैनिक जागरण अखबार आता था ठाकुर साहब के। हुक्का और चाय पूरे दिन चलती रहती।चार भैसे और नौ गाय थी। ठाकुर साहब के सुबह सुबह मठ्ठा ले जाने  वाली महिलाओं और बच्चों की लाइन लगी रहती थी । ठाकुर साहब नेक दिल थे।सभी  के काम आते थे।किसी के घर कोई कार्यक्रम हो और ठाकुर साहब को कोई बुलाए नही ऐसा होता नहीं था और ठाकुर साहब को कोई बुलाए और ठाकुर साहब जाए नहीं ये भी कभी होता नहीं था।

 ठाकुर की गढ़ी के सामने खुला मैदान था। बहुत बड़ा बरगद का पेड़ था। पेड़ के तने को बीच में समेटे  चबूतरा बना था। बरगद के पेड़ से भोर में चार बजे कोयल की बोली सुनाई देने लगती थी। पता नही कितने पक्षियों का आश्रय था वह पेड़। दोपहर में तीन चार समूह ताश खेलते मिल जाते थे वहां। बच्चे उसकेे नीचे दोपहर में खेलते रहते थे। सावन में झूला डालकर युवतियां कजरी और मल्हार गाते हुए झूला झूलती थीं। 

समय बीता परिवार बढ़े।जमीन बंट गई ।गुजर बसर लायक भी जमीन नही रही तो काम की तलाश में युवा शहरों की ओर निकल पड़े। 

शहरों की अपनी चकाचौंध होती है,जो शहर में रह लिया फिर वो वहीं का हो जाता है। सड़कों पर सरपट दौड़ती गाडियां। बर्गर,पिज्जा, चाउमीन लोगों को आकर्षित करते है। सफेद दूधिया रोशनी में नहाया शहर  और गांव का वह घुप अंधेरा। शहर से जब व्यक्ति गांव आता है तो उसके बदन पर जींस टीशर्ट आंखों पर धूप का चश्मा,हाथ में कीमती मोबाइल और उसकी बोली गांव के युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करती है। इन युवाओं को  देख गांव के युवाओं ने भी शहर का रुख किया। और धीरे धीरे गांव खाली सा हो गया। गांव में बुजुर्ग ही बचे है नौजवान शहर चले गए। शहर में पति पत्नी दोनों कमाते है।और अपना गुजर बसर कर रहे है। प्रारंभ में गांव की याद तो बहुत आती है पर गांव में जाकर करेंगे क्या? ये सोचकर धीरे धीरे गांव पीछे सा छूट जाता है।

आज  भी वो वट वृक्ष वही खड़ा पर उसके नीचे बना चबूतरा सूना हो गया है। खेतों में पेस्टीसाइड के उपयोग ने पक्षियों की संख्या भी कम कर दी है। अब उस बरगद के पेड़ के नीचे ताश खेलने कोई नहीं आता। कजरी, मल्हार सुनकर युवतियों के झूला झूलने पर बरगद की टहनियां जो नृत्य सा किया करती थीं। अब काफी अरसे से अपनी लचक भूल गईं है।

 बरगद उदास रूआंसा सा खड़ा सामने ठाकुर के चबूतरे पर खांसते और कमर झुकाए ठाकुर जंग बहादुर सिंह को देखता रहता है। ठाकुर के चबूतरे पर भी अब वो रौनक नहीं रही।ठाकुर साहब का एक बेटा सूबेदार से रिटायर होकर शहर बस गया है और दूसरा बेटा और बहू शहर में डॉक्टर है। ठाकुर साहब को शहर अच्छा नही लगता। कभी कभी ठाकुर साहब अपने चबूतरे से  धीरे धीरे चलकर बरगद के चबूतरे पर जाकर बैठ आते है। शायद यह कहते हों कि हम में ज्यादा फर्क नहीं है।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद