कर्म और कर्मफल

 यह जगत कर्म प्रधान है। कर्म का फल  मिलता अवश्य है। कर्म कभी निष्फल नहीं जाता है। मनुष्य कर्मशील है।निरंतर कर्मरत रहता है।

 कर्म की परिणीति परिणाम है। गीता में भगवान कृष्ण ने कहा है कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन। आप सिर्फ कर्म करे फल की चिंता किए बिना।


गोस्वामी तुलसी दास ने रामचरितमानस में भी इस संसार को कर्म प्रधान बताया है। यह भी सुनिश्चित किया है कि कर्म का फल अवश्य मिलेगा और जो जैसा कर्म करेगा उसे वैसा ही परिणाम भी मिलेगा।

जो जस करहिं सो तस फल चाखा।  

कर्म प्रधान विश्व रचि राखा।


शास्त्रों में छः प्रकार के कर्म बताए गए है। वह वृहद चिंतन का विषय है। पर सामान्य बात करें तो कुछ कर्म सामान्य रूप से संगति की वजह से हो जाते है ।बुरे लोगों के साथ रहना भी निष्कृष्ट कर्म माना जाता है।

 

कुछ कर्म न चाहते हुए भी हमे करने पड़ते हैं। उन कर्मों को करते वक्त आत्मा करना नही चाहती फिर भी समाज के अनेक दबाव में करने पड़ते है। कर्म करते हुए व्यक्ति कहता भी है की मेरा बस चलता तो मैं यह काम नही करता। ये सामान्य कर्म है इनके परिणाम भी सामान्य है। 


कुछ कर्म किसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए किए जाते है।  श्रेष्ठ साध्य हेतु हमारे यहां साधन की पवित्रता पर अधिक बल दिया जाता है। यहां हमारा जैसा कर्म होगा परिणाम वैसा ही मिलेगा।


कई बार हमारे साथ किसी के द्वारा कोई गलत कर्म किया जाता है तो हम इसी आशा में जीने लगते है की इसका फल उसे अवश्य मिलेगा। इस प्रकार किसी का बुरा सोचना भी निष्कृष्ट कर्म की श्रेणी में आता है यह मानसिक कर्म है।  ऐसा सोचने का परिणाम हमारी मानसिक परेशानी का कारण बनता है।


हम कई बार ऐसे लोगों को देखते है की उन्होंने हमारे साथ बुरा व्यवहार किया। कई बार इतना बुरा व्यवहार की जो हमारे  पूरे जीवन को प्रभावित कर गया। उन्हे अहंकार ने कभी अपनी गलतियों को स्वीकार नही करने दिया। हम आत्मसंतोष के लिए  यह बात वहीं छोड़ देते है की जिसने जैसा कर्म किया है उसे फल अवश्य मिलेगा। परंतु हम देखते है कि उस व्यक्ति पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। जबकि प्रकृति का नियम है जो बीज बोएंगे वही फसल काटेंगे। पर हमें यहां सब प्रकृति के विरुद्ध लगने लगता है।


कर्मफल ईश्वरीय न्याय है। फल अवश्य मिलेगा । धैर्य रखेंगे और भाग्यशाली आप हुए तो आप उनके किए गए बुरे कर्मों के परिणाम अपनी आंखों से देखेंगे। परिणाम आने में समय लगता है बीज बोते ही फल नहीं आता। उचित पानी और वायु  जब मिलेगी तो बीज अवश्य अंकुरित होगा।

  जो विद्यार्थी पढ़ता है वह सफल होता है। अधिक पड़ता है अधिक अंकों से उत्तीर्ण होता है ।नहीं पड़ता है असफल होता है। कहा गया है मेहनत का फल मीठा होता है । अर्थात् कर्म श्रेष्ठ तो फल  भी श्रेष्ठ।


आइए हम श्रेष्ठ कर्मों की और अग्रसर हों। हम मन वाणी कर्म से किसी को कष्ट न पहुंचाए। लोगों के जीवन में खुशियां बिखेरें। हम जो देंगे वही हमारे पास लौट कर आएगा। परिणाम ईश्वरीय न्याय है। हम जो बीज बोएंगे फसल भी वही काटेंगे।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद