- Get link
- X
- Other Apps
करवा चौथ का व्रत हमारी प्राचीन परम्परा है।सांस्कृतिक धरोहर है। एक महिला का तप है उसका त्याग है अपने पति के प्रति अपने परिवार के प्रति।यह साधारण उपवास नही है यह कठोर तप है।
सामान्य उपवास में सूर्यास्त से पहले उपवास खोल लिया जाता है। दिन में चाय, दूध, फल, आलू ,चिप्स,लौकी गाजर का हलुआ और नाना प्रकार के खाद्य जो अन्न की श्रेणी में न आते हों,का पूरे दिन सेवन चलता रहता है।
करवा चौथ का व्रत सुहागिन स्त्रियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए करती है। करवा चौथ उपवास नही एक व्रत है।व्रत का तात्पर्य कठोर निर्णय से है।जैसे पितामह भीष्म ने आजीवन अविवाहित रहने का व्रत लिया।
करवाचौथ का व्रत भी एक प्रतिज्ञा है,पति पत्नी के विश्वास की श्रद्धा की। व्रत कोई जबरदस्ती नही करता।व्रत स्वेच्छा से किया जाता है।व्रत में कठोरता होती है स्वयं हेतु कष्ट होता है।
करवा चौथ के व्रत में कठोरता है, दृढ़ता है। स्त्रियां रात्रि को चंद्रोदय पश्चात पूजा कर भोजन ग्रहण करती है।दिन में जल तक नही पीती। प्रतिज्ञा कभी अपने लिए नही परिवार और समाज के हित के लिए होती है। स्त्रियां भी यह व्रत अपने लिए नही अपने परिवार के हित के लिए करती हैं।पति की अर्थात घर के मुखिया की लंबी उम्र के लिए। घर के मुखिया से ही पूरे परिवार का हित सधता है।
यह व्रत पति को उसके उत्तरदायित्व का बोध करवाने वाला है कि आपकी लंबी आयु हेतु पत्नी पूरे दिन बिना अन्न जल के रहती है।यदि वो हमारी लंबी उम्र के लिए इतना कठोर व्रत लेती है तो हम अपनी पत्नी और बच्चों का पूरा खयाल रखें और उन्हे हर संभव खुशियां देने का प्रयास करें।
अब प्रश्न उठता है की जब व्रत करने से पति की उम्र बढ़ती है तो फिर एक बार व्रत करने से ही उम्र बढ़ जाए बार बार व्रत क्यों किया जाए। इसी संदर्भ में मैं मानता हूं की यह उत्तर दायित्व बोध कराने वाला व्रत है। पति को अपनी पत्नी और बच्चों के प्रति उत्तर दायित्व का बार बार बोध होता रहे।
अब वैज्ञानिक युग है पढ़ी लिखी आधुनिक स्त्रियां तर्क की कसौटी के आधार पर इसे पुरुष प्रधान समाज द्वारा महिला उत्पीडन घोषित कर रही हैं। स्त्रियां ही क्यों पुरुष क्यों नही अपनी पत्नी की लंबी उम्र की कामना हेतु व्रत करते है।
अब किसी से कहा जाए की तुम गुलाब का फूल देकर ही मोहब्बत का इजहार क्यों करते हो ।गुलाब से क्या होगा यदि गोभी का फूल देकर इजहार करते तो गोभी काम तो आती। तो यह मेरा तर्क नही कुतर्क कहलाएगा।गुलाब एक परम्परा है,गुलाब प्रेम का प्रतीक है। यह व्रत भी प्रेम और समर्पण का प्रतीक है ।
आज कई प्रगतिशील पुरुष भी बराबर व्रत रखते है। अच्छी बात है यदि आप सच्ची श्रद्धा से उसी मनसा से व्रत रखते है जैसे आपकी पत्नी रखती है,तो बहुत अच्छा है। यदि केवल यह अहसास करवाने के लिए करते हो की तुम ने मेरे लिए व्रत रखा इसलिए मैं आप के लिए व्रत रख रहा हूं, तो बराबर हो गया।पुरुषों का केवल दिखावे हेतु और बराबरी के लिए किए गए व्रत को मैं ढकोसला मानता हूं। ऐसा करके तो हम उस महिला के व्रत की महत्ता और समर्पण का मूल्य गिरा रहे है।आप अपनी पत्नी के इस प्रेम,त्याग और श्रद्धा पर कृतज्ञता अपने व्यवहार से प्रकट करें और अपने उत्तरदायित्व को सदैव स्मरण रखे।जिसके लिए एक पत्नी इतनी कठोर साधना करती है तभी इस व्रत की सार्थकता है। हिसाब बराबर न करें।पत्नी के आजीवन ऋणी रहे।
प्रेम, स्नेह, श्रद्धा और समर्पण को मापने का कोई पैमाना नही है।और न ही किसी वैज्ञानिक तर्क से इसे समझा जा सकता है। यह पत्नी के पति के प्रति समर्पण और श्रद्धा का वह व्रत है जो पति को ऋणी बना देता है। जिस ऋण से पति कभी मुक्त नही हो सकता।प्रेम के बंधन का व्रत है करवा चौथ।यह स्त्री को परिवार में सर्वोच्च स्थान दिलवाने का व्रत है।
- Get link
- X
- Other Apps
Comments
यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ ब्लॉग है भाई साहब
ReplyDelete