संस्कारों की कीमत

 


संस्कारों की कीमत चुकानी पड़ती है। अच्छे संस्कारों का बोझ कभी कभी इतना बढ़ जाता है कि उठाए नहीं उठता। बड़ा आसानी से हम कह देते है देखो आजकल के बच्चों में संस्कार नही हैं। पर क्या करेंगे वे संस्कारी बनकर। समाज में बड़ों का आदर करना, बच्चों से स्नेह रखना,पराए धन को धूल के बराबर समझना,माताओं बहनों की इज्जत करना,धर्मानुसार आचरण करना, समय पर कार्यालय जाना, समय पर आना,कर्तव्यनिष्ठ होना, कोई देखे ना देखे ईश्वर मुझे देख रहा है,यह बात सदैव याद रखना। ये सब संस्कार की बातें है।

क्या इन बातों पर अमल करना आसान है? उत्तर होगा कदापि नही।  आप जितना इन बातों पर अमल करेंगे उतनी ही कीमत आप को चुकानी पड़ेगी।आप यदि शिक्षक है मेहनत से आप पढ़ा रहे है तो सबसे पहले आप के विद्यार्थी आपके शत्रु बनेंगे।क्योंकि वे पढ़ना नही चाहते। फिर आपके सहकर्मी आपके आलोचक हो जायेंगे।उन्हे आप फूटी आँख नहीं सुहाएंगे। वे इस कर्तव्य निष्ठा को पागलपन या सनक कहेंगे। आपको नीचा दिखाने का प्रयत्न करेंगे। वे आपका कभी कोई मुसीबत आ जाए तो साथ नहीं देंगे,क्योंकि आप सबसे बड़ी मुसीबत है उनके लिए।

आप जितना काम कार्यालय में करेंगे,उतना ही ज्यादा काम आप को सौंपा जाएगा।क्योंकि आप काम के लिए कभी मना नहीं करते। आपके सहकर्मी लाख बार काम का मना कर दें उन्हे माफ है।आपने एक बार भी मना कर दिया तो आप माफी लायक नहीं है,क्योंकि आपसे ऐसी उम्मीद नही थी। आप समय पर पहुंचते है तो पहली फाइल आपके पास ही आएगी,क्योंकि बॉस को पता है अभी ऑफिस में कोई नही आया होगा केवल आप ही आए होंगे।

आप ईमानदार है फाइल ठीक होने पर ही आप काम करेंगे किसी को आप ने चार चक्कर लगवा दिए तो वह शख्स जिसकी फाइल है ,वह आपको बेईमान समझने लगेगा।सोचने लगेगा कि आप  दो रुपए के लिए चक्कर कटवा रहे है। सिफारिश करवाएगा, आपसे लेन देन की बात करेगा,शिकायत करेगा।आपका अधिकारी आपकी ईमानदारी से परेशान हो जायेगा,आपके खूब तबादले होंगे।इन संस्कारों से आपके बच्चों की पढ़ाई खराब होगी। आपका परिवार आपकी आदर्शवादिता की कीमत चुकाएगा।

आप यदि बुजुर्गों का सम्मान करते है, जहां मिल जाएं आप हाथ जोड़कर खड़े हो जाते है तो यह साबित नहीं करते की आप संस्कारवान है,अपितु सामने वाले को लगता है कि आप उन से डरते है। आप उन्हे नहीं उनके रुतबे को सम्मान दे रहे है। यदि आप किसी के लिए हमेशा तैयार रहते है तो उनसे आदर नहीं पाते,अपितु उन्हे लगता है कि आपके पास कोई काम नहीं है ।

संस्कारों का अपना महत्व है। लोगों की वजह से हम संस्कार त्याग तो नहीं देंगे। क्योंकि हर किसी में आप जैसे अच्छे संस्कार नही होते। ये आपको आप के परिवार से मिले हैं,आपकी सांस्कृतिक धरोहर है। आप चाह कर भी स्वयं को बदल नहीं सकते।आपके जीवन ने इन संस्कारों को आत्मसात कर लिया है। मैं एक काम अवश्य करता हूं कि जहां मुझे लगता है कि मैं आत्म सम्मान खो रहा हूं, मैं उन लोगों से बिना कुछ कहे  दूरी बना लेता हूं।मेरे संस्कार मेरी धरोहर है तो आत्म सम्मान मेरी पूंजी है।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद