मेरी रेल यात्रा -सूरतगढ़ से अनूपगढ़

 


थार का मरुस्थल का नाम आते ही राजस्थान के श्रीगंगानगर,बीकानेर ,जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर जिले सामने घूमने लग जाते है। एक तस्वीर दिमाग में बनती है जैसे रेत के बड़े बड़े सुनहरे टीले ,अनुपजाऊ जमीन,पानी का अभाव। 

सूरतगढ़ से अनूपगढ़ रेल से सफर करते समय कभी ऐसा नहीं लगता कि ये मरुस्थल का भाग है।सूरतगढ़ से निकलते ही मानकसर के पास एक टीला शेष रहा है। जहां सुबह के समय प्रात: भ्रमण पर जाने वाले महिला ,पुरुष एवम बच्चे घूमते मिल जायेंगे। सूरतगढ़ से अनूपगढ़ तक के बीच में एक यही रेत का टीला मरुस्थल की निशानी  शेष है।जिस तरह से यहां से मिट्टी का उठाव हो रहा है और नए नए मकान बन रहे है,यह टीला भी कुछ दिन का ही मेहमान है। मानकर से निकलते ही खेतों में तैयार खड़ी नरमा की फसल।नरमा के खेत कत्थई रंग पर खिले सफेद से फूल मन को मोह लेते है।सफेद दूधिया रूई के लटकते फोहे,एकदम मुलायम।

सरदारगढ़ के पास निकलते समय ऊंची ऊंची धुआं उगलती चिमनियां खूब दिखाई दे रहीं थी।अनुमान है ये ईंट के भट्ठे की चिमनियां होंगी।

सरुपसर जंक्शन एक स्टेशन आया तो आश्चर्य हुआ। जंक्शन की एक अलग तस्वीर उभरती है कोई कस्बा या शहर होगा।पर ये तो छोटा सा गांव है,पर जंक्शन होने के रेलवे के मानदंडों को पूरा करता है। यहां से एक अनूपगढ़ और एक गंगानगर को रेल लाइन जाती हैं एक सूरतगढ़ की ओर। पास बैठे एक सहयात्री ने बताया की पास ही दो किलोमीटर दूर एक मंडी है जैतसर मंडी।अनूपगढ़ की रेल से पहले जोड़ा गया गंगानगर को बाद में।जब अनूपगढ़ रेल लाइन जैतसर मंडी से होकर गुजरने के लिए योजना बनी तो स्थानीय निवासियों ने विरोध किया।की यहां रेल आ जायेगी रात में रेल में चोर आयेंगे ,चोरियां बढ़ेगी।तो रेल लाइन को एक किलोमीटर बाहर से निकाला गया और स्टेशन भी सरूपसर के बाद रघुनाथ गढ़ को बनाया गया।

कुछ कुछ दूरी पर सर को ढके,पीठ पर झोली  बांधे पंक्ति बद्ध महिलाएं दोनों हाथों से रूई को ऐसे समेट रहीं थी मानो पूरी सफेद धरती को अपनी झोली में भर लेना चाहती हों। इन महिलाओं के बीच का अंतराल खेत की सीमाएं तय कर रहा था।

पास ही चार लकड़ी के डंडे बांधकर एक मोटे कपड़े का झूला बना था जिसमें शायद कोई छोटा बच्चा सो रहा होगा। पालने के पास ही एक छोटा सा गड्ढा बनाकर उस पर भगोना रखा है।एक पुरुष उस उसमे जलती लकड़ियां आगे पीछे कर रहा है।निश्चित रूप एस चाय बना रहा होगा।

सरुपसर और जैतसर के पास धान की कटाई का काम चल रहा है। आज कल मजदूर कम मिलते है इसलिए लोग मशीनों से धान कटवाने लगे है। पर एक खेत में आठ दस महिला पुरुष धान काट रहे थे। जैसे ही रेल पास से गुजरी तो कुछ महिलाएं काम छोड़ कर रेल देखने लगीं। हालांकि इस क्षेत्र के लिए रेल नई चीज नहीं है। महिलाओं के पास ही कुछ बच्चे खड़े थे जो हाथ हिला रहे थे।

इस क्षेत्र में महिलाएं कृषि कार्य में भी पुरुषों का हाथ बटाती हैं।इस मार्ग पर विजयनगर एक छोटा सा कस्बा है। इस मार्ग पर सबसे अधिक सवारी यहीं से चढ़ती उतरती है। गर्मी के मौसम में गाड़ी रुके और तुरंत खिड़की के पास आकर पानी की आवाज सुनाई दे तो समझ ले विजयनगर है। दूसरा यहां से सवारियों के चढ़ते ही ऐसा लगता है कि हम किसी आधुनिक शहर से गुजर रहे है।आधुनिक वेशभूषा में आपको यहां लोग मिल जाएंगे।  

यहां से थोड़ा आगे चलकर आप रामसिंहपुर के नजदीक जैसे ही पहुंचेंगे।आपको फिर दूर दूर तक धुआं उगलती चिमनियां दिखाई देंगी। इतने पास पास ईट के भट्टे आपको कहीं देखने को नही मिलेंगे। आसमान में धुआं ही धुंआ दिखाई देगा। अनूपगढ़ में वही घग्घर नदी एक बार फिर पार करनी पड़ेगी जिसे सूरतगढ़ से निकलते ही पार किया था। फिर उसी दिशा में बहते हुए दोबारा उसी तरह पार होती है ।जो नदी हमारी दाहिनी ओर चली गई थी वह बाईं ओर कब आ गई थी पता ही नही चला।

लगभग अस्सी किलोमीटर का सफर कहीं आपको नही लगेगा की आप मरुस्थल में है। 

वर्षों पहले महाराजा गंगा सिंह ने इस क्षेत्र से पानी की समस्या नहर ला कर दूर कर इस इलाके की काया पलट दी। आज यदि आप इस समय रेल से सफर करें तो रास्ते में खेतों में आप को सफेद बिछी चादर दिखाई देगी।साथ में खेतों से आती बासमती धान की खुशबू मन में प्रसन्नता भर देगी। 

Comments

Post a Comment

धन्यवाद