एक व्यंग्य- दीपावली पर सफाई

 


भारत त्योहारों का देश है।सनातन संस्कृति में हर रोज उत्सव है।होली,दीपावली,रक्षाबंधन, विजयदशमी बड़े त्योहार माने जाते है। दीपावली का अपना महत्व है।यह समाज के हर वर्ग से जुड़ा त्योहार है।

इस त्योहार पर जमकर खरीददारी होती है।सोना,चांदी कपड़े, मिठाई से लेकर फल सब्जी ,किरयाना,मिट्टी के दीपक,पूजा सामग्री तक लोग खूब खरीदारी करते हैं।कुल मिला कर यह बाजार का त्योहार है।

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम चौदह वर्ष के वननवास के पश्चात कार्तिक अमावस्या को अयोध्या वापस आए थे। इस अवसर पर अयोध्या निवासियों ने खुशी में दीपक जलाए थे और मिठाइयां बांटी थी।तब से दीपावली मनाने की परम्परा चली आ रही है।

 दीपावली से 15-20 दिन पहले घर की सफाई शुरू हो जाती है।माना जाता है जहां स्वच्छता होती है वहां लक्ष्मी आती है। वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो स्वच्छता का बहुत महत्व है। यदि स्वच्छता रहेगी तो हमारा स्वास्थ्य ठीक रहेगा और स्वास्थ्य ठीक रहेगा तो दवाइयों पर खर्च नही होगा।स्वच्छता रहेगी तो लक्ष्मी आए ना आए लक्ष्मी जायेगी नहीं।

लोग सारे घर का सामान निकाल कर पूरे घर की सफाई करते है। घरों की नए नए रंगों से पुताई की जाती है। जिसकी जितनी हैसियत वैसे ही बाजारों में रंग उपलब्ध है।लोग चूना से लेकर प्लास्टिक पेंट से घरों की रंगाई करते है।

घर की सफाई का काम आसान काम नहीं है।महिलाओं के लिए ये 15-20 दिन बहुत भारी बीतते हैं। घर का  नित्य का पूरा काम करना और सफाई करना। इसलिए घर के छोटे से बड़े सभी सदस्य घर के काम में हाथ बंटाते हैं।पति पत्नी बच्चे सब मिलकर घर की सफाई करते है।

घर की सफाई एक महिला की ही जिम्मेदारी नही है।घर सबका है तो सफाई भी सभी को करनी चाहिए। इसलिए वर्षों से पुरुष इस कार्य में महत्ती भूमिका निभाते आए हैं।

कुछ मेरे जैसे लोग जो घर की सफाई में पत्नी का सहयोग नहीं करते है उन्हे उन पतियों से बहुत ईर्ष्या होती है जो पति घर की सफाई में हाथ बंटाते हैं। जोरू का गुलाम,पत्नी का चेला, पत्नी से डरने वाला जैसी संज्ञाएं उन संवेदनशील पतियों को मिलती है जो पत्नी के कष्ट को समझते है।उन लोगों की नजर में घर की सफाई में हाथ बंटाना पुरुष के पुरुषत्व के खिलाफ है।

आज कल सोशल मीडिया का जमाना है। घर की सफाई में हाथ बंटाने वाले पुरुष इसे अपना सौभाग्य समझते हैं या पत्नी पर उपकार समझते है ये तो भी जाने कि क्या समझते है।।पर जितना काम नहीं करते उस से ज्यादा उसका प्रचार करते है। यदि पुरुष की इस कीर्ति का प्रचार न भी करें,तो आधुनिक महिलाएं अपने पति का फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देती है। यह देखकर पुरुष अपार प्रसन्नता का अनुभव करता है कि पत्नी ने उनके  कीर्ति पताका को पूरे समाज में फहराया है।बंधु,ये जो तुम्हारी पत्नी ने तुम्हारी फोटो पोस्ट की है,ये तुम्हारा यश ज्ञान नही है बल्कि सोसायटी की महिलाओं में अपना दबदबा कायम करना है।अपनी सोसायटी में ये संदेश देना है कि उस सोसायटी में आपकी पत्नी सर्वाधिक आधुनिक  महिला है जहां पति पर उनकी हुकूमत चलती है। एक तीर से दो निशाने एक तरफ पति गार्डन गार्डन दूसरी तरफ सोसायटी में रुतबा कायम।

इन साहसिक पतियों के कारनामे हम जैसे पतियों पर भारी पड़ते है। सुबह के ग्यारह बज गए चाय नही मिली।जो आनन सुबह गुलाब होता था आज संध्या कालीन सूरजमुखी है।पता है इसके लिए कौन जिम्मेदार है पड़ोस के वर्मा जी की पत्नी। जिन्होंने सुबह सुबह व्हाट्सएप स्टेटस पर अपने पति की तौलिया लपेटे बनियान पहिने  हाथ में झाड़ू लिए दीवार से जाले झड़ते की पोस्ट  की है।

काम तो सभी अपने घर में करते है। सब अपनी पत्नी से प्रेम करते है। पर यह तो घर के अंदर का मामला है।इसे मिसेज वर्मा को सार्वजनिक नही करना चाहिए था।आज तो जैसे तैसे मैं स्थिति संभाल लूंगा। पर अगली दीपावली का डर है की इस सोसायटी की मिसेज सोनी,मिसेज शर्मा ने अगर ऐसी ही पोस्ट और कर दी तो मेरा तलाक पक्का है।मै ऐसे महान दंपत्तियो को करबद्ध निवेदन करता हूं कि आप खूब पत्नी का हाथ बटाएं पर हमारी हंसती खेलती जिंदगी में आग ना लगाएं। वैसे मैं भी कोशिश करूंगा कि मैं भी हाथ बंटा कर सोसायटी का अच्छा पति बन सकूं।समाज में मेरी पत्नी की भी इज्जत है।

Comments

  1. Very nice gurudev 🙏🏻

    ReplyDelete
  2. {कुछ मेरे जैसे लोग जो घर की सफाई में पत्नी का सहयोग} यह पैराग्राफ बहुत अच्छा लगा

    ReplyDelete

Post a Comment

धन्यवाद