शाही भोज

 कुछ कुछ दूरी पर काफी ऊंचे आकार की मेजें थी जिन पर खड़े खड़े एक दो लोग खाना खा सकते थे।  प्रवेश द्वार के थोड़ा ही आगे एक सोफे पर जिसके सामने एक मेज थी तीन व्यक्ति बैठे थे। एक के हाथ में बही थी जिसमे वह बान (सगुन)लिख रहा था और एक के हाथ में बैग था जिसमे वह राशि रख रहा था।

 बीच में एक टेबल पर थाली, कटोरी,चम्मच रखे थे। उसके पास ही नाना प्रकार के सलाद ,पापड़,अचार, उबली हुई मक्का, अंकुरित मूंग,मोठ, और बहुत कुछ था पर मैं उनके नाम नही जानता ।

दोनो ओर खाने की दुकानें सी सजी थी। जिन पर बहुत भीड़ थी। जो सभ्य थे वे अपनी बारी की प्रतिक्षा कर रहे थे। कुछ नौजवान धक्का मुक्की कर जल्दी कामयाब हो रहे थे। ऐसे लग रहा था पूरा शहर उमड़ आया था।

मेरे एक साथी अग्रवाल जी मुझे मिल गए थे,वे प्रयास कर दो प्लेट दही भल्ला ले आए। मुझे आगे ले गए। डीजे बज रहा था गजब लाइट की व्यवस्था थी। "फायर ब्रिगेड मंगवा दे तू" गाना बज रहा था जिस की धुन पर दो नवयुवतियां नृत्य कर रहीं थीं। सामने से रंगीन लाइट उन पर पड़ रही थी जो उनके सौंदर्य को बढ़ा रही थी। जिस अंदाज से वे नृत्य कर रहीं थी मैं समझ गया ये किराए पर आई पेशेबर नृत्यंगनाएं हैं। अग्रवाल जी बड़े ध्यान से नृत्य देख रहे थे,दही भल्ला खाते जा रहे थे साथ में पैर हिला रहे थे।

इधर गीत बदला और उधर अग्रवाल जी मशक्कत करके दो प्लेट कटे हुए फल ले आए। जगह वही थी प्लेट बदल चुकी थी और गीत और नृत्यांगनाएं भी बदल गईं थीं।अग्रवाल जी खाते जा रहे थे और थिरकते भी जा रहे थे।कुछ लोग मंच के नीचे नाच रहे थे और कुछ मंच पर चढ़ने के प्रयास में थे।कुछ लोग सरस्वती पर लक्ष्मी लुटा रहे थे,गीत संगीत और नृत्य कला सरस्वती का ही वरदान है।

भीड़ छंटने का नाम ही नही ले रही थी बढ़ती ही जा रही थी। उधर एक तरफ भीड़ इकट्ठी हो गई थी किसी भद्र महिला ने एक युवक के तमाचा जड़ दिया था ।युवक थाली में खाना लेकर आ रहा था एक महिला टकरा गई और उनकी साड़ी खराब हो गई।युवक तमाचा खाकर सॉरी बोल आगे निकल गया और खाना खाने लगा। दृश्य देखकर मेरी रूह कांप गई मैंने खाना न खाने का निर्णय लिया।और अग्रवाल जी से कहा भाई मैं चलता हूं।

अग्रवाल जी अब एक प्लेट में काजू कतली ले आए।और कहने लगे रुको पहले ये खाओ फिर चलते है और फिर कहने लगे भाई शादियों का दौर है बड़ा आनंद है।अब इनको ही देख लो ये अपने कोई रिश्तेदार नही है ना कोई मित्र है।बस परिचित है शादी का कार्ड दे दिया और अपन आ गए।आराम से खायेंगे नाच गाना देखेंगे और सौ रुपए दे देंगे।अपने घर जब शादी होगी तो अपने तो इन्हे बुलाएंगे नही।अपने तो शादी में कोई सौ पचास लोग ही बुला पाएंगे।ऐसा खाना अगर किसी फाइव स्टार होटल में भी नही मिलेगा। और हजारों रुपए खर्च करने पड़ते। उधर रोटी वाले के पास भीड़ लग चुकी थी। रोटियां गर्म गर्म बन कर आ रही थीं और खाने वाले ज्यादा थे, जो संघर्ष कर लेते थे वे सफल हो जाते थे बाकी थाली लिए खड़े थे।

अग्रवाल जी अब तृप्त हो चुके थे। हमने बान लिखवाई उसने पहले नाम पूछा फिर पता पूछा और बही में लिख लिया और हम वापस आ गए।

घर आकर मैं सोच रहा था। कि शादी विवाह घरेलू कार्यक्रम है इसमें केवल घर परिवार रिश्तेदार और निकट के मित्रों को ही बुलाया जाए तो बेहतर है। मेरे मित्र अग्रवाल जी जैसी भीड़ इकट्ठी करने की क्या जरूरत है। ऐसा दिखावा जो केवल अव्यवस्था हो ही जन्म देता है। ऐसी भीड़ इकट्ठी करने से क्या फायदा जो आया हुआ व्यक्ति खाना भी ठीक से न खा सके।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद