मैला थैला

 मनसुख चौधरी गांव के बड़े जमीदार थे।  पूरे साठ बीघा बढ़िया जमीन थी। गांव में पुस्तैनी मकान में दो भाइयों के साथ रहते थे। शानदार कोठी थी।मनसुख के दो बेटे और एक बेटी थी। गांव में बहुत मान सम्मान था। चौधरी साहब ज्यादा पढ़ लिख नही पाए थे पर शिक्षा के महत्व को समझते थे इसलिए शहर में अच्छे स्कूल में बच्चों को पढ़ने भेजते थे। बच्चे पढने लिखने में होशियार थे।  बड़ा बेटा  विवेक बैंक में नौकरी लग गया और उसकी पत्नी भी बैंक में नौकरी करती थी। गांव आना जाना कम हो गया। छोटा बेटा पीडब्ल्यूडी में क्लर्क था।उसकी पत्नी थोड़ा संपन्न घर की थी तो उसकी उठ बैठ बड़े लोगों से थी ।वह  समाज में पिछड़े लोगों के उत्थान के लिए एक एनजीओ  चलाती थी। 

 मनसुख चौधरी के दोनो बेटे सरकारी नौकरी में थे।  गांव में मनसुख चौधरी का मान और बढ़ गया था।  दोनों बेटों की  पास ही के शहर भरतपुर में नौकरी थी। बड़े बेटे ने अपना मकान भी भरतपुर में बनवा लिया था। मनसुख चौधरी चाहते थे की बच्चे पढ़ लिख कर काबिल बन जाए तो हमारा बुढ़ापा भी ठीक से कट जायेगा। इसलिए बच्चो की पढ़ाई के लिए पचास बीघा जमीन बेच दी। पर चौधरी साहब आज खुश थे कि दोनो बेटे सरकारी नौकर हो गए है ।  बिटिया दोनो भाइयों से छोटी थी  उसकी नौकरी भी प्राथमिक पाठशाला में अध्यापक पद पर लग गई थी। अब चौधरी साहब के बिटिया की शादी की ही चिंता बची थी।

 बिटिया का भी रिश्ता आ गया था। लड़का भरतपुर में ही अधिशाषी अभियंता था।   चौधरी साहब ने सोचा कि बुढ़ापे में रहना तो बेटों के पास ही है वे गांव में रहेंगे नहीं तो गांव की जमीन का क्या होगा।चौधरी साहब ने शेष दस बीघा जमीन बेच कर बिटिया प्रभा की शादी  धूमधाम से कर दी।बड़ा घर था रुपए पैसे की कोई कमी नहीं थी शादी के बाद ससुराल वालों ने प्रभा की नौकरी छुड़वा दी  ।

  अब चौधरी साहब अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते थे। हर रविवार को कोई न कोई बेटा या बेटी मिलने आ जाते थे। बिटिया और दामाद जी दोनो साथ  मिलने आते थे। समय गुजरता गया।

चौधरी साहब की अच्छे संपन्न परिवारों में गिनती होती थी। हमारे यहां दूसरों की जेब का हिसाब लगाने की बड़ी आदत है । लोग चर्चा करते मनसुख के घर लाखों  रुपया हर महीने आता है। और उनके भाइयों ने ज्यादा बच्चो को पढ़ाया नहीं सब खेती में ही लगे रहते है।

मनसुख चौधरी गांव में आराम से पत्नी के साथ रहते थे एक दिन रात को अच्छी तरह खाना खाया और सो गए फिर वे कभी नही उठे।  अब मनसुख की पत्नी अकेली रह गई।  पर उन्हे गांव अपना परिवार लगता था  उनका समय ठीक से गुजर रहा था । देवरानी जेठानी भी खूब सेवा करती थी। एक दिन छोटा बेटा आया और मां से कहने लगा की भैया ने तो अपना घर बनवा लिया है आप इस गांव के घर का हिस्सा बेच देते तो मैं भी अपना घर बनवा लेता। मां ने बेटी प्रभा से बात की तो उसने कहा आपको रहना इनके पास ही है आप गांव में कब तक रहेंगी । मां ने अपने देवर जेठ से बात की और उन्होंने उनके हिस्से के पैसे दे दिए। पर मां ने एक कमरा अपने लिए रख लिया।  छोटे बेटे ने भी मकान बनवा लिया।

एक दिन छोटे बेटे के पास  चाचा का फोन आया की बेटा तुम्हारी मां की तबियत ज्यादा खराब है ये भी आप लोगों को बहुत याद करती है। इन्हे साथ ले जाते तो ठीक रहता। छोटे भाई ने बड़े भाई और बहिन को घर बुलाया शाम को सब लोग इकट्ठे हुए, मां पर चर्चा शुरू हुई।

छोटा बेटा सुशील कहने लगा मेरा घर छोटा है। भैया आप का घर बड़ा है माता जी को आप ले आओ तो अच्छा है। बड़ा बेटा विवेक बोला मां ने अपना गांव का घर बेच कर पैसे तुझे दिए थे घर बनाने को तो आप ही ले आओ। दोनो भाइयों की बात सुन बहिन प्रभा ने कहा भैया आप दोनो झगड़ा मत करे मां को मैं ले आती हूं। दोनो भाई तो मानो यही चाहते थे।पर जब प्रभा ने अपने पति से बात की तो उन्होंने कहा मां के दो बेटे है जब उन्हे ही चिंता नही तो हमने कोई ठेकेदारी नही ले रखी है। प्रभा को अपने पति से ये उम्मीद नही थी। प्रभा सोचने लगी यदि मैंने अध्यापक की नौकरी नही छोड़ी होती तो आज ये दिन नही देखना पड़ता। प्रभा आज बेबस थी। रात्रि को सब अपने अपने अपने घर चले गए। प्रभा ने अपने पति को बहुत मनाया की मां जी को अपने यहां रख लेते है पर वे नही माने।

सुबह चाचा जी का बेटा मां जी को छोटे बेटे सुशील के घर छोड़ गया। शाम को जब सुशील की पत्नी सुमन आई तो मां जी को देख कर मुंह फुला लिया रात को मां जी को लेकर पति पत्नी में खूब झगड़ा हुआ। मां पास के कमरे में सब सुन रही थी। सुबह असहाय मां अपना सामान बांध गांव जाने के लिए तैयार थी। सुशील की पत्नी अपने एनजीओ के आफिस जा चुकी थी। सुशील ने कहा मां तुम गांव ना जाओ वहां जाने से हमारी इज्जत खराब होगी मैंने आपके रहने के लिए पास में ही इंतजाम कर दिया है। सुशील अपनी मां को शहर के वृद्धा आश्रम में छोड़ आया। और वहां पता और मोबाइल नंबर अपनी बहिन प्रभा का लिखा आया। सुशील जब मां को वहां छोड़ कर गया तो मां को वहा का नजारा देखते ही सब समझ आ गया। मां ने आश्रम के मैनेजर को बुलाया और उस से एक वकील को बुलाने का आग्रह किया। जब वकील आ गया तो मां ने अपना मैला सा थैला खोला और उसने से बीस तोले के सोने के आभूषण निकल कर मैनेजर को देते हुए कहा वकील साहब कागज तैयार करो मैं यह आभूषण इस आश्रम को दान देना चाहती हूं मां जी ने अपने आभूषण आश्रम को दान कर दिए। दो दिन बाद प्रभा के पास आश्रम से फोन आया की तुम्हारी मां का देहांत हो गया है। प्रभा अकेली आश्रम गई ।मैनेजर ने कहा आप माताजी को ले जाइए और इनका संस्कार कीजिए। पभा ने कहा मैनेजर साहब आप इनके संस्कार की व्यवस्था कीजिए इनके कोई नही है। आश्रम के मैनेजर ने मां जी संस्कार किया और मुखाग्नि प्रभा ने दी। बेटी प्रभा आज बहुत उदास थी आज से उसके मन में न अपने भाइयों के प्रति सम्मान था न पति के प्रति। मैनेजर साहब ने आश्रम की रसोई का नाम मां जी के नाम पर "अन्नपूर्णा" रसोई रखा। कार्यालय मेंं  मां जी का एक बड़ा चित्र लगाया जिस पर माला टंगी हुई है।

चार महीने बाद छोटा बेटा सुशील आश्रम के आगे से गुजर रहा था तो मन हुआ मां जी से मिल लिया जाए। जैसे ही मैनेजर के कार्यालय में प्रवेश किया सामने मां जी के चित्र पर माला देख कर मैनेजर से मां जी के बारे में पूछा। मैनेजर साहब ने बताया मां जी तो उसके दो दिन बाद ही इस दुनिया से चली गई और इस आश्रम को बीस तोला स्वर्ण आभूषण दान कर गई। वो महिला साक्षात देवी थी हमने आश्रम की रसोई का नाम मां जी के नाम पर रखा है।सुशील मैनेजर साहब से नाराज हुआ कि आपने हमे उनके देहांत की सूचना भी नही दी। मैनेजर साहब ने कहा आप जो मोबाइल नंबर देकर गए थे उस पर हमने सूचना की थी और एक बिटिया आई थी वही मां जी का संस्कार कर के गई है। सुशील घर आ गया। उसने सारी बात अपनी पत्नी को बताई और अपने भाई को फोन कर के बताई। आज दोनो भाइयों के यहां मातम था काश दो दिन हम मां को अपने घर रख लेते। आज सुशील की पत्नी घर पर सुशील से झगड़ रही थी तुम्हे क्या जरूरत थी मां जी को आश्रम छोड़ने की जब मां अच्छा भला गांव जा रही थी। सुशील अपनी पत्नी से कह रहा था लक्ष्मी खुद चल कर घर आई थी और तुमने उसे ठुकरा दिया।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद