वीर पुरुषों का आभूषण क्रोध

 क्रोध वीर पुरुषों का आभूषण है। कायर व्यक्ति को क्रोध नहीं आता।वह केवल गिड़गिड़ाना जानता है।जिस व्यक्ति में शक्ति है जो क्रिया की प्रतिक्रिया जानता है उसे क्रोध आना स्वाभाविक है।क्रोध को हम दुर्गुण मानते है। यदि कोई व्यक्ति बात बात पर बेवजह क्रोध करता है तो ये तुनक मिजाज है। इसे क्रोध नहीं कह सकते।

क्रोध वीरोचित भाव है। आप विनम्रता पूर्वक अपने अपमान पर भी मुस्करा देते है तब आप क्रोध पर विजय प्राप्त नही करते बल्कि अपने स्वाभिमान को दूसरे के चरणों में रख देते है। आप इस समय तमाम परेशानियों से बच जाते है आप विवाद से बच जाते है क्योंकि आप में इस लड़ाई को आगे बढ़ाने का साहस नहीं है। आपकी कमजोरी आप के स्वाभिमान की रक्षा आपको करने नहीं देती।

आप को कोई गाली देता है आप मुस्करा कर निकल जाते है।आपको क्रोध नही आता ।आप तर्क देते है की उसने मुझे गाली दी मैने गाली ली ही नही,उसने अपना मुंह खराब किया मुझे क्या। आज मैने सुन ली कल किसी और को देगा तो वह ठीक कर देगा। मैने कोई समाज को सुधारने का ठेका नही ले रखा है।जब आप इस प्रकार के सात्विक विचार प्रकट कर रहे होते है तब आप अपनी कायरता छिपा रहे होते है। आप चाहते तो है की गाली देने वाले को कोई ठीक कर दे लेकिन आप खुद उसे ठीक नही करना चाहते। आप गाली देने वाले से खुद को कमजोर आंकते है तभी आप सोचते है की इसे कोई और ठीक कर देगा।ऐसा सात्विक व्यक्ति देश और धर्म पर संकट आने पर भी शांत ही रहता है।क्योंकि उसे क्रोध नही आता।

जालियां वाले बाग का नर संहार देख कर एक बालक को इतना क्रोध आया की उसने जनरल डायर को उसी के देश में जाकर गोली मारी। बिना क्रोध के कोई शस्त्र नही उठा सकता। क्रोध व्यक्ति को देश धर्म पर बलिदान होने की प्रेरणा देता है।क्रोध अन्याय को सहन नही करता बल्कि उसका प्रत्युत्तर देता है।देश की सीमाओं पर खड़ा प्रहरी युद्ध की स्थिति आने पर क्रोधित हो शत्रु दल पर टूट पड़ता है। और वीरता पूर्वक लड़ते हुए या तो शत्रु का नाश कर देता है या देश के लिए बलिदान हो जाता है।ऐसे वीर पुरुष ही वीरता चक्र प्राप्त करते है। इतिहास ऐसे ही वीर पुरषों को याद रखता है।

शक्ति संपन्न व्यक्ति के पास ही क्रोध शोभा पाता है।निर्बल व्यक्ति को क्रोध शोभा नही देता। कहा जाता है कि क्रोध विवेक हर लेता है। विवेक संपन्न व्यक्ति क्रोध नही करता क्योंकि वह हर वक्त अपना हित ही चाहता है।वह विवेक का उपयोग स्वार्थ हेतु करता है। देश धर्म का अहित होते देख शक्ति संपन्न व्यक्ति अपने हित का त्याग कर देता है और और राष्ट्र धर्म हित को सर्वोत्तम मानने लग जाता है तथा क्रोध से भर जाता है फिर वही कार्य करता है जो राष्ट्र हित में हो। स्वाभिमानी व्यक्ति को क्रोध आना स्वाभाविक है।और जब देश धर्म पर संकट आए तो क्रोध आना भी चाहिए।

Comments