मोटी बुआ

 एक सरकारी कॉलोनी।बीस घरों की आबादी। उसमे 16 नंबर का मकान जिसमें चंद्रभान सिंह रहते थे। उम्र लगभग पचास के पार की होगी। उनके बच्चे बाहर ही पढ़ते थे बाहर ही नौकरी लग गई। ज्यादातर लोगों ने बच्चों को नही देखा। यहां बस पति पत्नी ही रहते थे।

चंद्रभान सिंह थोड़े सनकी किस्म के थे ।जब भी दो लोग आपस में बात कर रहे हों तो चंद्रभान सिंह को लगता की वे मेरी बात कर रहे है।वे गरियाने लगते और जूता चप्पल जो भी पहने हों उतार कर शुरू हो जाते।

इसलिए सभी चंद्रभान सिंह से दूरी बनाकर रखते थे।चंद्रभान सिंह अस्थियों का ढांचा मात्र थे।एकदम दुबला शरीर। और उनकी पत्नी तादाद से ज्यादा फैली हुई थी।चंद्रभान सिंह का अपनी पत्नी से कभी भी झगड़ा नहीं होता था। दोनों बड़े प्रेम से रहते थे। उनकी पत्नी को सभी मोटी बुआ कहकर बुलाते थे। क्या बच्चा क्या बड़ी उम्र के महिला पुरुष सभी उन्हे मोटी बुआ कहकर ही बुलाते थे। पर वे इस नाम से बुलाने पर कभी नाराज नही होती थी। शायद मोटी के साथ बुआ शब्द जुड़ा था इसलिए वे मर्यादा में रहती थीं।

चंद्रभान सिंह जितने ही अपने स्वभाव के कारण एकांतजीवी थे उतनी ही बुआ सामाजिक थीं। 

बुआ प्रतिदिन सुबह जल्दी उठती और घर का काम करती चंद्रभान सिंह का टिफिन पैक करती दोपहर में आराम करती।लगभग तीन बजे घर से निकलती और लगभग सभी घरों में जाकर छः बजे तक घर वापस पहुंच जाती।बुआ के घर कोई नही जाता था क्योंकि बुआ रोज सब के घर एक चक्कर लगा लेती थी।कई लोगों को लगता था बुआ शाम की चाय के समय निकलती है और मिलना तो बहाना है बुआ चाय पीने के लिए ही निकलती है। 

बुआ हमेशा सब के काम आती थीं,सबकी मदद करती थी इसलिए बुआ किसी को भी डांट देती थीं तो कोई बुआ को पलट कर जवाब नहीं देता था। बुआ पढ़ी लिखी थीं इसलिए कोई बच्चा मिलता तो बुआ पढ़ाई की बात पूछने लगती इसलिए बच्चे बुआ से दूरी बना कर रखते। बुआ को आयुर्वेद की भी पूरी जानकारी थी। उन दिनों अस्पताल लोगों का कम जाना होता था। बुआ दाई का कार्य भी जानती थी। अधिकांश कॉलोनी की महिलाओं के प्रसव बुआ ने ही करवाए थे। कोई बीमार हो तो बुआ अपना घर का काम जल्दी समेट कर घंटो उसके पास बैठी रहती। पेट दर्द, सर दर्द,बुखार जुकाम की दवाई बुआ जानती थीं।हींग,अजवाइन,सौंप,अदरक, शहद और काढ़े से बुआ इलाज कर देती थी। शादी विवाह हो तो बुआ बन्ना बन्नी  गा लेती थी। बुआ ढोलक गजब की बजाती थीं।  बुआ दूसरों के दुख में दुखी हो जाती थी और दूसरों के सुख को ही अपना सुख मानती थीं। कॉलोनी के सब बच्चों की वो संरक्षक थी। कोई माता पिता अपने बच्चे को पीट रहा हो मोटी बुआ अगर देख ले तो बहुत खरी खोटी सुनाती थी।बच्चों के रोने की आवाज पर दौड़ी चली आतीं थी। बुआ को देखते ही माता पिता बच्चों को पीटना छोड़ देते थे। रात को किसी बच्चे की पिटाई होती तो बच्चा भी मार खाते हुए कहता था सुबह होने दो मोटी बुआ को बताएंगे। शायद इसीलिए वे बुआ कहने की हकदार थीं।

बुआ एक दिन भी अगर शाम को न निकले तो सारी कॉलोनी में नीरसता छा जाती एक महिला दूसरी महिला से मिलती तो यही सवाल करती की तुमने मोटी बुआ को देखा पर चंद्रभान सिंह की वजह से उनके घर कोई हाल खबर लेने नहीं जाता।


कोई लड़ ले झगड़ ले पर मोटी बुआ आना बंद नही करती थीं।मोटी बुआ पूरी कॉलोनी को अपना परिवार मानती थीं।घर में झगड़ा हो जाए तो बोलना थोड़े ही बंद कर देते है,जहां चार बर्तन होंगे तो खटकेंगे ही।बुआ बहुत उदार महिला थीं।

चंद्रभान सिंह सेवानिवृत हो गए। तो बुआ महीने भर पहले से ही उदास रहने लगीं वे इस परिवार को छोड़ कर जाना नही चाहती थीं पैंतीस वर्ष इसी कॉलोनी में गुजारे थे बुआ जी ने। कई लोग विदा हो चुके थे अब बुआ की विदाई की बारी थी। 

 बुआ जब गई तो बच्चे भाग भाग कर बुआ के पांव छू रहे थे। महिलाएं लिपट लिपट कर रो रही थी। बुआ की विदाई में घंटो लग गए थे। बुआ बार बार पीछे मुड़कर देखती जाती और हाथ हिलाती जाती थीं। लोग तब तक खड़े रहे जब तक बुआ आंखो से ओझल नही हो गई। उस शाम कॉलोनी में बच्चो ने ही खाना खाया जो न समझ थे ,कई घरों में तो चूल्हा ही नहीं जला। बुआ को लंबे समय तक कॉलोनी के लोग याद करते रहे। जब भी किसे के कोई परेशानी आती लोग बुआ को याद करते। कई दिन तक तो दिन के तीन बजते लोगों की आंखे बुआ जी के घर की ओर टकटकी लगाकर महिलाएं देखने लगती की शायद बुआ जी आ जाए।पर बुआ जी जब से गई फिर कभी लौट कर नहीं आई। मोटी बुआ एक सम्पूर्ण और सार्थक जीवन जी गई। सभी के दिल में अपनी जगह बना गई।वास्तव में यही तो जीवन है।बहुत कम लोग ही ऐसा जीवन जी पाते है।   

Comments

  1. लेखन शैली बहुत ही अच्छी है आपकी बहुत ही अच्छी तरह से सभी पहलुओं को कहानी में मोती के समान पिरोया है

    ReplyDelete
  2. दिनेश जी का ब्लॉग समझकर पढ़ लिया 😱

    ReplyDelete
  3. यादें दिलों में अमर हो जाती है

    ReplyDelete

Post a Comment

धन्यवाद