धर्मदास

 


धर्मदास बिहार से काम की तलाश में निकला और दिल्ली आ गया। और एक मिल में मजदूरी करने लगा। यहां उसे नौ सौ रुपए महीने के वेतन में काम मिल गया था। गांव में चार पांच सौ रुपए महीने में घर का काम चला लेता था। यहां नौ सौ रुपए उसके लिए काफी थे। एक कमरे में चार लोग रहते थे कमरा पांच सौ रुपए प्रति माह किराए पर था। सवा सौ रुपए कमरे के किराए के निकल जाते थे कुछ बिजली का बिल अलग से आ जाता था। छः माह बाद गांव जाना पड़ता था जो छः महीने में बचता था वो किराए में लग जाता था। दो साल हुए पर बचत के नाम पर कुछ हाथ नहीं लगा।

फिर धर्मदास दिल्ली छोड़ राजस्थान के अनूपगढ़ में आ गया यहां उसके गांव के कई लोग रहते थे। यहां आकर उसने मजदूरी की फिर उसने कोई अपना काम करने का विचार किया और फलों की रेहड़ी लगाने लगा। ईश्वर की कृपा से उसका काम ठीक से चलने लगा। अबकी बार साल भर बाद धर्मदास गांव गया और अपने बच्चो को साथ ले आया।माता पिता तो कई वर्ष पहले चल बसे थे ,पत्नी और तीन बेटे थे परिवार में। धर्मदास कक्षा आठ तक पढ़ा था।वो अपने बच्चो को खूब पढ़ा लिखा कर बड़ा आदमी बनाना चाहता था।ईश्वर की कृपा से दोनों बड़े बेटे पढ़ने में ठीक थे। छोटा बेटा पढ़ने में सामान्य था।

धर्मदास के बड़े बेटे ने बारहवी विज्ञान विषय से अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की।धर्मदास ने उसे कोटा एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने भेजा। आईआईटी में चयन हो गया। बैंक से लोन लिया और पढ़ाया।आईआईटी के दूसरे वर्ष में ही था की बीच वाले बेटे ने अच्छे अंकों से बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की और उसे भी कोटा भेजना चाहता था पर ज्यादा पैसों की व्यवस्था नहीं हुई तो उसे सीकर के कोचिंग संस्थान में पढ़ने भेजा। सालभर बाद इसका भी आईआईटी कानपुर में चयन हो गया। पिता सुबह चार बजे फल सब्जी मंडी में जाता और बोली पर से माल लाता अपनी रेहड़ी पर समान रखकर बाजार में एक स्थान पर खड़ा हो जाता और रात नौ बजे घर पहुंचता। सबसे छोटा बेटा स्कूल जाता और स्कूल से आकर पिता के काम में हाथ बंटाता। पढ़ने में सामान्य था।बारहवी आर्ट्स से करके बीए में दाखिला ले लिया।

अब जिसके दो बच्चे आई आई टी हों उसका सम्मान स्वत: बढ़ जाता है। बैंक से लोन लेकर दोनों बच्चों को पढ़ाया। जब बड़े बच्चे की इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी हुई और पढ़ाई पूरी होते ही उड़ीसा सरकार में नौकरी भी मिल गई।अब उसके विवाह के रिश्ते आने लगे। टाटा कंपनी में एक इंजिनियर लड़की का रिश्ता आया। धर्मदास को यह रिश्ता पसंद आया तो बड़े बेटे से बात की ,तब तक बड़ा बेटा प्रेम विवाह कर चुका था। लड़का बहु लेकर घर आया तो पिता पर दवाब बनाकर एक भव्य पार्टी का आयोजन भी करवाया। धर्मदास और कर्ज में दब गए। 

बीच वाले बेटे की पढ़ाई पूरी होते ही उसे भी एक कंपनी में नौकरी मिल गई और उसने अपनी ही कंपनी में सहकर्मी लड़की से प्रेम विवाह कर लिया। दोनो बेटे अपने अपने परिवार के साथ आराम से रहने लगे। शुरू में तो बीच वाला बेटा पैसे कभी कभी भेज देता था। बाद में उसने भी बंद कर दिए। पिता कर्ज के बोझ में दब गए।

जब धर्मदास रेहड़ी लगाकर फल बेचता तो बहुत से लोग कहते कितने भाग्यशाली है आप दो दो आईआईटी बच्चे दोनो अच्छा कमा रहे है आप अब ठेला क्यों बंद नही कर देते। धर्मदास हंसकर बात टाल देते और विषय बदल देते।

धर्मदास को दोनो बड़े बेटों के एकदम से बदल जाने की चिता नहीं थी।उन्हे चिंता थी तो छोटे बेटे की।छोटा बेटा कही ये न सोचने लगे पिता ने मुझे इतना क्यों नही पढ़ाया। कल को इसकी शादी भी करनी है। बस यही चिंता धर्मदास को खाए जा रही थी।

इतने में छोटे बेटे का रिश्ता भी आ गया ।लड़की बीएससी थी। बीएड कर रही थी।धर्मदास का घर और रहन सहन अच्छा था लड़की के पिता को यह घर पसंद आ गया और शादी के लिए हां कर दी। धर्म दास कर्ज से दबे थे फिर भी उन्होंने धूमधाम से छोटे बेटे की शादी की। शादी के बाद बहु को एमएससी करवाई। बहु फर्स्ट ग्रेड टीचर लग गई। बेटा पिता के काम में हाथ बंटाने लगा। 

बहु को जो तनख्वाह मिलती बैंक से निकल कर धर्मदास को दे देती धर्मदास कर्ज चुका देते और अपनी और बेटे की मेहनत से घर चलाते।

धीरे धीरे धर्मदास कर्ज से मुक्त हो गए और बहू को कहा बेटा तुझे अब पैसे निकाल कर लाने की जरूरत नही हम दोनो इतना कमा लेते है की घर आसानी से चल जाए।आप अपने पैसे अपने पास रखे जरूरत पर काम आयेंगे।

पिछले दिनों कोरोना में धर्मदास की पत्नी बीमार हो गई।धर्मदास रेहड़ी लगाते रहे बेटे बहू ने खूब सेवा की।पूरे अस्सी हजार रुपए लगे इलाज में बड़े बेटों ने एक रुपया भी नही भेजा बस फोन पर ही हाल खबर लेते रहे। छोटे बेटे बहू ने दिन रात सेवा की मां ठीक हो गई अब एकदम स्वस्थ है।

अब धर्मदास को कभी यह चिंता नही होती की मैं छोटे बेटे को ज्यादा नही पढ़ा पाया। अब छोटा बेटा काम संभालने लगा है अब बाजार में उनकी फलों की दुकान हो गई है। धर्मदास अब दिन में बेटे का खाना लेकर दुकान जाते है और कुछ समय उसकी मदद कर देते है।बेटा बहू आज भी अपनी कमाई का हिसाब किताब धर्मदास को देते है और उनसे पूछे बिना कोई काम नहीं करते।धर्मदास कई बार कहते है की यदि मेरे ये तीसरा बेटा नही होता तो हम कहीं के नहीं रहते।कर्तव्य बोध तो संस्कारों से आता है।देश के जाने माने संस्थान विशेषज्ञ तो तैयार कर देते है। पर कर्तव्य बोध नहीं सिखा पाते।

धर्मदास कहते है की आपका बच्चा इंजीनियर बने डॉक्टर बने अच्छी बात है पर एक अच्छा इंसान भी बने ये बहुत जरूरी है।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद