देश सेवा की व्याकुलता

 


भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोक तांत्रिक देश है। आम नागरिक तो दस बारह राजनीतिक पार्टियों के नाम जानता होगा। पर हमारे यहां के नेता जनता की सेवा के लिए मरे जा रहे है इसलिए एक हजार से ज्यादा राजनीतिक पार्टियां हमारे देश में है। जनता की सेवा और अपनी जाति की सेवा हर नेता करना चाहता है।

गत दिनों पश्चिम बंगाल में चुनाव हुए तो जो नेता जनता की सेवा करना चाहते थे वे टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे थे। बड़े बड़े मंत्री चुनाव से पहले दल बदल कर आ गए और जिस पार्टी की वजह से मंत्री तक पहुंचे उसे ही भरी सभा में गरिया रहे थे। चुनाव के परिणाम भी आए हुआ भी वही जो होना था।टीएमसी को हराने गए थे पर जब टीएमसी हारी नही तो कइयों ने प्रायश्चित कर लिया और लौट आए।

 कल मै एक नेता को सुन रहा था। उत्तर प्रदेश के बहुत बड़े नेता है। एक पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे है।अभी दो दिन पहले एक पार्टी बदली है। मुझे तो सिर्फ इतनी जानकारी थी की 2017 में एक पार्टी छोड़ कर दूसरी पार्टी में शामिल हुए थे जीते और मंत्री बने चुनाव से ठीक पहले इस पार्टी को भी छोड़ दिया और नई पार्टी का दामन थाम लिया।

जनता की सेवा का गजब का जज्बा है इन नेता जी में। पिछड़े, दलित, बेरोजगार,छोटे व्यापारी, नौजवान ,किसान सबकी सेवा करना चाहते है पच्चीस वर्ष से यही जनता उनको चुनकर भेज रही है पर सेवा कर नही पा रहे है।खुद भी जनता की सेवा कर रहे है बेटी भी जनता सेवा कर रही है, बेटे को जनता ने अवसर नही दिया वो भी जनता सेवा के लिए तड़प रहा है।

जनता की सेवा की ऐसी लालसा है कि एक समाजवादी नेता थे रोज टीवी डिबेट में आकर पार्टी का पक्ष रखते थे की अचानक भाजपा में आ गए और काम भी प्रवक्ता का मिल गया और अब सपा के प्रवक्ता की जमकर बखिया उधेड़ते है।ऐसे ही एक कांग्रेस के प्रवक्ता भाजपा में आ गए वे अब कांग्रेस को भला बुरा कहते है। भाजपा के नेता थे कई विभागों में मंत्री रहे बेटे को कैबिनेट मंत्री नही बनाया पूरे देश में भाजपा को हराने पहुंच जाते है।

लोक दल में एक नेता जी मुलायम सिंह जी के साथ थे।बसपा में चले गए,मंत्री बने।कल्याण सिंह जी की सरकार आई उसमे शामिल हुए , मंत्री बने। बसपा में गए ,मंत्री बने प्रदेश अध्यक्ष बने फिर लगा जनता की सेवा नही कर पा रहे है भाजपा में चले गए जनता की खूब सेवा की फिर अचानक लगा सेवा में कसर रह गई।फिर हृदय परिवर्तन हुआ सपा में आ गए। गजब की इच्छा शक्ति है देश बदलने की। अवसर भी बार बार मिल रहा है पर देश बदल नही पा रहे। 

सभी पार्टियां इन नेताओं का स्वागत करती है टिकट भी देती है जीत जाते है तो मंत्री भी बनाए जाते है।वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वालों के टिकट कट जाते है।सभी पार्टियों से छोड़ कर भी जाते है। कल तक जिस पार्टी में थे उसकी प्रशंसा करते नही थकते थे अब उन्हे गरियाते नही थकते पता नही ये अदम्य साहस और जमीर कहां से लाते है।ये देश सेवा की व्याकुलता है या निजी स्वार्थ ये तो नेता जी ही जाने। जिगर चाहिए ऐसी जनसेवा के लिए की कल तक जिसके साथ थे आज उसी को गरियाने लगे। धन्य है आपकी जान सेवा।धन्य है आपका ईमान। और धन्य है हम जो इन्हें सर आंखों पर बैठा कर रखते है।

 मैं तो इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं की गजब का उत्साह और तड़फ है, इन नेताओं में समाज सेवा की। अगर पार्टी ने टिकट दिया तो देश बदल देंगे और पार्टी ने टिकट नही दिया तो पार्टी बदल देंगे।

Comments