बड़े घर की शादी

 समय बदला।धर्म ,संस्कृति,रीति रिवाज,रहन सहन,रिश्ते सब बदल गए।  विवाह समारोह में जाएं तो अलग ही नजारा देखने को मिलता है।पारिवारिक रिश्तों बुआ फूफा , बेटी दामाद  का स्थान आजकल मंत्रीऔर विधायकों ने ले लिया है।

शादियां बहुत खर्चीली और दिखावे वाली हो गई है। रिश्तेदारों की मान मनुहार का वक्त जाता रहा है। करिश्मा के चाचा की बेटी का विवाह था। चाचा अच्छे भले पैसे वाले व्यक्ति थे। हो भी क्यों नही सरकारी नौकरी थी। कभी भाई भतीजों के लिए कुछ किया नही। आना जाना भी वही जहां आमद हो। बहिनों के यहां आना जाना कम ही होता था बहिनें तो उनके लिए खर्च का घर थी। ससुराल से विलक्षण प्रेम था वहां से आमद भी होती थी साथ ही आव भगत भी। बहिन को बुलाओ तो बहनोई की आव भगत करनी पड़ती है। विवाह शादी में चार मेहमान नही आए तो समाज थूकता है।इस समाज के डर से सभी को बुला लिया था। बहिन बेटियों को तो मायके से आमंत्रण की देर है वे तो सगाई के दिन से ही बाट जोहने लगती है। करिश्मा भी शादी के बाद पहली बार मायके में किसी शादी में आ रही थी। उसने अपने पति किशोर को भी साथ चलने को तैयार कर लिया था। करिश्मा की शादी देहात में हुई थी। देहात में दामाद की बहुत इज्जत होती है सो सोचा चाचा तो शहर में है कोई कमी नही है देखना कितना अच्छा लगेगा शादी में दो दिन पहले ही आ गई थी। साथ में कुछ मेहमान और भी आ गए थे। घर में अब बार बार चाय बन रही थी पूरे दिन खाना चलता रहता था।चाची नौकरानी के हाथ में चाय की ट्रे देखते ही अपने बच्चो पर झल्ला उठती थीं ।सारे घर की बागडोर चाची के हाथ थी। चाची संचय कला में तो निपुण थीं पर खर्च हो तो सांस अटकती थी। सारी जिम्मेदारी अपने कंधो पर ही उठा ली थी,उन्हे खुद के सिवाय सभी पर अविश्वास था।

शहरों में कितने बड़े घर क्यों न हों शादी के लिए पर्याप्त नही होते। इसलिए गार्डन, होटल, मैरिज पैलेस में ही शादी की जाती है। पहले बेटी की शादी में बारात भोजन करती थी उसके बाद घर परिवार और रिश्तेदार भोजन करते थे।अब ऐसा नही होता बारात शहर की गलियों में डीजे पर नाचती हुई घूम रही होती है और लोग निर्धारित समय पर पहुंच कर पहले खाना खाते है।

बारात आने का समय हो गया था।उधर शहर के प्रतिष्ठित लोग नेता विधायक आ रहे थे। करिश्मा के चाचा -चाची तैयार हो कर मैरिज पैलेस में पहुंच गए थे। सब की आव भगत हो रही थी। उधर करिश्मा घर पर इंतजार कर रही थी की कोई आएगा तो विवाह स्थल पर ले जायेगा।पर इस काम हेतु फुर्सत किसे थी।

करिश्मा परेशान थी सोच रही थी अकेली आ जाती थी तो ठीक था इन्हें नही लाना चाहिए था, पड़ोस के एक लड़के की बाइक पर किशोर को विवाह स्थल भेज दिया और खुद पड़ोसी  की गाड़ी से विवाह स्थल आ गई। बहुत बड़ा शामियाना था दूधिया रोशनी बिखर रही थी। मंत्री विधायक से चाचाा-चाची को फुरसत नहीं थी। करिश्मा और किशोर ने खाना नही खाया था सोच रहे थे हमे भी कोई खाने के लिए कहेगा तब खाना खायेंगे अभी तो चाचा चाची ने भी नही खाया होगा। किशोर ने कहा करिश्मा "तुम कुछ खा लो तुम्हे भूख लगी होगी तुम पूरे दिन काम करती रही हो।" करिश्मा ने कहा घर के लोगों के साथ खायेंगे ऐसे अच्छा नहीं लगता। धीरे- धीरे भीड़ छंटने लगी थी। कुछ बाराती और कुछ घराती ही बचे थे। वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था ।पास डीजे बज रहा था जहां पर पेशेवर नृत्यांगनाएं नृत्य कर रही थीं। वर वधू को आशीर्वाद देने के लिए कतार लगी थी। लोग भिन्न भिन्न मुद्राओं में फोटो खिंचवा रहे थे। 

 वरमाला के बाद वधू को गाड़ी में  बैठाकर घर ले जाया गया फेरे घर पर होने थे। वरमाला के बाद चाचा जी बोले चलो घर बाहर गाड़ी खड़ी है। करिश्मा ने कहा पर चाचा जी क्या आप खाना नहीं खायेंगे ?

 चाचा जी भारी आवाज में बोले "अरे अभी तक तुमने खाना नही खाया !कैसे लोग है आप? सब लोग खा रहे थे आप क्या कर रहे थे ? हम लोग लेट हो रहे है। आप लोग खाना खाकर जल्दी घर आना ,फेरों का समय हो रहा है। वेटर समान समेटने लगे थे। तंदूर बंद हो चुका था। किशोर एक थाली में कुछ भोजन परोस लाया ,रोटियां ठंडी होकर अकड़ गई थीं सब्जी भी ठंडी हो गई थी। दोनो ने भोजन किया। बाहर सड़क से ऑटो पकड़ कर घर लौट रहे थे। करिश्मा अपने आप को लज्जित सा महसूस कर रही थी सोच रही थी इन्हे पता नही कैसा लग रहा होगा इन्हे साथ न लाती तो ठीक रहता। सोच कर आई थी की कई दिन रुकेंगे सब मेहमानों के जाने के बाद आयेंगे घर में शादी है पर विदाई के दिन ही शाम को करिश्मा ने विदा ले ली। जाते समय किशोर और करिश्मा को चाची ने कपड़े दिए मिठाई दी और दो हजार रुपए। करिश्मा का मन तो कर रहा था की ये सब इनके मुंह पर दे मारे पर अपने पति के बारे में सोचकर चुप रह गई।

करिश्माअगले दिन सुबह घर पहुंच गई। सास ननद ने पूछा कैसी रही शादी ? करिश्मा कुछ कहती उस से पहले ही किशोर बोल दिया बहुत अच्छी। बहुत मजा आया आते समय हमे कपड़े भी दिए,मिठाई भी और दो हजार रुपए भी।करिश्मा कुछ नहीं बोली अपने कमरे में चली गई और रोने लगी किशोर कमरे में आया और चुप कराते हुए बोला बड़ी शादियों में और शरण में ऐसा ही होता है बड़े बड़े लोग आते है उनकी आव भगत करनी पड़ती है। तुम दिल छोटा मत करो। करिश्मा बाहर से तो शांत थी पर अंदर तूफान था।

Comments