विवाह जन्मजन्मांतर का संबंध

 नित्य की तरह आज भी सुबह पांच बजे सो कर उठा। नित्य कर्म से निवृत्त हो योग करने चला गया। योग कर के घर लौटा तो दरवाजे पर अखवार पड़ा नित्य की तरह मेरी प्रतीक्षा कर रहा था। अखवार उठाया और वही पड़े तख्त पर बैठ कर पढ़ने लगा। मुख्य पृष्ठ पर यूक्रेन रूस युद्ध की खबर,पाकिस्तान का सत्ता संकट पढ़ते हुए पहले आईपीएल के कल के मैच की खबर पढ़ी। फिर स्थानीय खबरों पर नजर डाली। एक समाचार का शीर्षक पढ़ कर मस्तिष्क में अजीब सी हलचल हुई। शीर्षक था बीबी ने पति को तलाक दिया। कहां से कहां पहुंच गए हम ये कैसा विकास और तरक्की है।रिश्तों में इतनी कड़वाहट क्यों आ गई है? हम किस दिशा में जा रहे है।अन्य कोई विकल्प शेष क्यों नही रहा। जन्म जन्मांतर का बंधन एक जीवन भी साथ नहीं निभा पाया। कारण क्या रहा होगा ये तो वे ही लोग जानते रहे होंगे। 

 मैं इस घटना से द्रवित नही था क्योंकि ऐसी खबरे आए दिन अखवार में छपती रहती है,मै यह सोच कर भयभीत भी नही था कि कल को ऐसी घटना मेरे साथ न हो क्योंकि मैं हमेशा पत्नी की हां में हां मिलाने की कला में निपुण हूं। मै हैरान था तो अखबार के शीर्षक से "बीबी ने पति को तलाक दिया।"

अखवार छपता है तो संपादक हर खबर को देखते है उनकी नजर इस खबर पर क्यों नही गई। 

बीबी का तो शौहर होता है मियां होता है, वाइफ का हसबैंड होता है ।पत्नी का पति होता है। 

अब आप कहेंगे हिंदी अध्यापक की बुद्धि खराब है।भाव तो एक ही है। आपकी बात सही है भाव तो एक ही है पर रिश्ते भी भाव और भावना का ही खेल है।

भाषा संकृति और संस्कारों की संवाहक है।भाषा से ही हमारी संस्कृति का हमे ज्ञान होता है। इस खबर के बाद में विचार किया कि  उर्दू में बीबी है शौहर है निकाह है तलाक़ है।  अंग्रेजी में वाइफ है हसबैंड है मैरिज है डाइवोर्स है।हिंदी में पत्नी है पति है विवाह है.......कोई शब्द नही है। 

अंग्रेजी में डाइवोर्स है उर्दू में तलाक है हिंदी में तो इनके समानार्थी कोई शब्द नही है।

यहां तो एक जन्म नही सात जन्म का बंधन है ऐसा बंधन है कि इस बंधन से निकलने का रास्ता नही है,सिर्फ निबाहना है।हर परिस्थिति में साथ रहना है। विवाह के कुछ वर्षों बाद मेरी स्थिति भी कुछ यूं ही बनी पर मेरा विवाह हुआ था। हम सात जन्मों के बंधन में बंधे थे।मेरे पास कोई रास्ता नही था। इसलिए हां में हां मिलना सीख लिया और आज 33 वाँ वर्ष चल रहा है।

जब विवाह के बाद अलग होने की व्यवस्था ही नही है तो इस पर विचार ही क्यों किया जाए। मिलकर प्रयत्न कर रास्ता निकलने का प्रयास किया जाना चाहिए।जब व्यक्ति में अहंकार जन्म लेता है निजी स्वार्थ प्रभावी हो जाता है तब हम इस स्थिति तक पहुंचते है।माता पिता ,भाई बहिन एक रक्त संबंध के होने पर भी विचारों मैं भिन्नता  सा जाती है। कई बार माता पिता से बेटे बातचीत तक बंद कर देते हैं पर जैसे ही वे अस्वस्थ हों, या परेशानी आ जय तो अपना पान स्वत: जाग उठता है और हम पुन: पूर्ववत हो जाते है।पत्नी तो अपना घर अपने हर रिश्ते को छोड़कर पति के साथ आई है तो पति का दायित्व बनता है की वह पत्नी के विचारों का सम्मान करे।



Comments

  1. शानदार, सर आपने काफी दिनों से कुछ लिखा नहीं है कुछ और लिखिए सर

    ReplyDelete

Post a Comment

धन्यवाद