- Get link
- X
- Other Apps
रविवार का दिन था। मन हुआ एक पुराने मित्र से मिल आएं ।घर से पैदल ही निकल लिया।दूरी तो तीन किलोमीटर के आस पास रही होगी पर मुझे पता नहीं क्यों पैदल चलना अच्छा लगता है। पैदल चलने के फायदे बहुत है बस आप के पास समय होना चाहिए। आप कार में बैठ कर जा रहे है आप कब फुर्र से निकल जाएं पता ही नही चलेगा। आप दुपहिया वाहन पर जा रहे है तो सामने से आने वाला मित्र आपको देखकर गर्दन झुकाकर मुस्करा कर निकल जायेगा। आप पैदल है तो कई लोग मिलेंगे, रुकेंगे और आप से बतलाएंगे लंबी लंबी बातें होंगी। बस आप के पास समय होना चाहिए। पैदल चलने में समय की बर्बादी है बाकी आनंद ही आनंद है। एक पैदल चलने की आदत इसलिए भी पड़ गई की पिताजी थे तो भारत सरकार के एक उपक्रम में ड्राइवर पद पर पर मोटरसाइकिल वे कभी नही चलाते थे। मै जब बाजार मोटरसाइकिल से जाता था तो वे सामने से साइकिल पर आ रहे होते थे तो मुझे पता नही क्यों ग्लानि का अनुभव होता था। तीसरा कारण घर पर साधन बच्चे नही छोड़ते। घंटो इंतजार करो कब बच्चा साधन लेकर आएगा तब हम कहीं जायेंगे। अभी दस मिनट भी नही होंगे इतने में घर से फोन आ जायेगा ।कहां हो? जल्दी घर आ जाओ मुन्ने को साधन चाहिए। इन सब झंझटों ने मुझे पैदल चलना सिखा दिया। मजबूरी मेरा शौक बन गई।
तीन बजे घर से निकला था तीन किलोमीटर चलने में दो घंटे लग गए।अपनी मित्र मंडली भी विशाल है। मित्र के घर बैठे चाय पी।बड़ा मकान,बड़ा अतिथि कक्ष।उस अतिथि कक्ष में लाखो रुपए उसकी सज्जा और फर्नीचर पर खर्च किए गए है। चाय नाश्ता लेकर चलने की विदा ली। मित्र दरवाजे तक छोड़ने आया। कुछ अजीब सा संबंध है उस दोस्त से मेरा जितनी देर अंदर नहीं बैठते उस से ज्यादा देर मुख्य द्वार पर हम बतलाते रहते है। पिछली बार जब काफी देर मुख्य द्वार पर खड़े बात चीत कर रहे थे तो भाभी जी ने टोंक दिया। भाई साहब अंदर ही बैठ जाओ। इसलिए इस बार मुख्य द्वार पर तो हम नही रुके पर मित्र मेरे साथ चल पड़े ।कुछ दूरी पर दीवार के किनारे ईंटों को दोनो ओर से सहारा देकर एक पत्थर की लाल रंग की पट्टी रखी थी। दोनो वहीं बैठ गए।
बातचीत करते करते सामने एक भवन पर नजर पड़ी।भव्य भवन बना था पर नींव की ईंटें अब खुरने लगी थीं पर भवन का सौंदर्य अभी बरकरार था। मैंने मेरे मित्र से कहा ये जो भवन देख रहे हो कुछ याद है? मित्र ने कहना आरंभ किया। पहले ये भवन बहुत ऊंचा हुआ करता था।आसपास मकान ना के बराबर थे।इस क्षेत्र में ये भवन गर्वित सा खड़ा रहता था। मैंने तो इस भवन को बनते देखा है। दस रदा इसकी नींव में लगे है।पहले तीन रदा चार ईंट के फिर तीन रदा तीन ईंट के फिर दो रदादो ईट के फिर दो रदा डेढ़ ईट के। देखो ना कितनी ही ईंटे नीव में लग गई।फिर सड़क ऊंची हुई तो कुछ और ईंटें नीव में दब गई। दोबारा सड़क ऊंची हुई तो कुछ ईंटे फिर नींव में दब गई। पता नहीं कितनी ईंटे धरती मां की गोद में सो गई तब जाकर यह भवन खड़ा हुआ। पर आज इसकी नींव की ईंटें खुरने लगीं है। ऊपर से इमारत तो भव्य दिखाई दे रही है पर भवन में अब मजबूती नही रही। भवन का मालिक भव्य भवन को देख कर आज भी इतराता है पर उसका ध्यान जर्जर होती नीव पर नहीं जाता।
अब तो इस भवन के आस पास बड़ी बड़ी इमारतें खड़ी हों गई है जो इस से भी भव्य और विशाल हैं। अब इस भवन के पास गर्व करने लायक कुछ भी नहीं है। कंगूरे पर ध्यान दिया गया तो भवन सुंदर तो है पर मजबूती नही है। नींव की ईंटों की देखभाल करते तो शायद यह भवन आज भी उतना ही मजबूत होता।
काफी देर हो गई थी बातचीत करते हुए। मित्र का फोन ना बजता तो शायद हम और बैठे रहते। हम उठे अपने अपने घर को चल दिए। देर हो गई थी जल्दी जल्दी कदम उठा कर घर जाना चाहता था पर कदम बहुत धीरे धीरे उठ रहे थे।वो भवन कभी भी धाराशाही हो सकता है जिसकी नींव की ईंटें खुरने लगी है। इस भव्य भवन में न जाने कितनी ही ईंटे नीव में दबी होंगी। आगे क्या होगा यही सोच कर परेशान था।
- Get link
- X
- Other Apps
Comments
अधूरा सा है कुछ , लगता है थोड़ा और लिखा जा सकता था
ReplyDeleteगुरु जी की लिखी हर बात ध्यान से पढता क्युकी हर बात मे कुछ ना कुछ छीपा होता है
ReplyDelete