बेबस और कठोर दिवाली

 एक शहर। सत्रह जनों का एक परिवार।  तीन भाइयों का एक ऐसा परिवार जिसमे तीन पीढी एक साथ रहती आई। समय का चक्र बदला घर के मुखिया का देवलोक गमन हो गया। मैं बड़ा था और परिवार के मुखिया के जीवित रहते हुए ही मैं अघोषित मुखिया हो गया था। मैं कब मुखिया हो गया मुझे पता नहीं चला।जिम्मेदारियों ने मुखिया बना दिया था। मैं लगभग तेईस चौबीस साल की उम्र से ही घर से बाहर रहा।  कभी अपने बीबी बच्चो को  अपने साथ रखा कभी परिवार के साथ।   जो जिस कमरे में रहता था वो कमरा उसी का हो गया न घर बंटा ना बर्तन बंटे ना दीवारें खिंचीं पर खाना सब अपना अपना बनाने लगे।  जब दीवारें नही खिंचीं तो दूरियां भी कभी नहीं बनी। यदि एक शहर में जब तीनो भाई हों तो कोई चाहे रात के बारह बजे क्यों न आया हो पर खाना साथ साथ ही खाया गया।

समय को सब कुछ शायद मंजूर नही था।इसलिए सब के रोजगार ठीक ठाक नही चले तो छोटा अपना शहर छोड़ दो वर्ष पहले राजस्थान से सुदूर देहरादून चला गया। साल भर बाद बीच बाला भी अपना शहर छोड़ सोनीपत अपने परिवार के साथ जा बसा।

घर में कोई त्योहार हो छोटा या बड़ा सदैव साथ साथ मनाया। मुझे तो जैसे ही छुट्टी मिलती तुरंत रवाना हो जाता। छुट्टियों से दो तीन दिन पहले ही भाईयो के फोन आने लगते और पूछते कब आ रहा है? 

इस बार पिता जी को गए चार वर्ष हो गए।  श्राद्ध पक्ष में उनकी चौथी बरसी पर सब एकत्र हुए थे। मैं घर से सौ किलोमीटर की दूरी पर ही रहता हूं तो मैं सब से बाद में आना चाहता था पर मैं दुर्भाग्यवश पहले वापस आ गया था।

इस बार पहली दीपावली है और एक बड़ा त्योहार भी। इस बार घर से किसी की घंटी नही आई की कब आ रहा है?  और छुट्टी हुए भी दो दिन बीत गए। जाने का मन भी नही हो रहा है।  अब भाग कर दरवाजे पर कोई नही आयेगा।ना घर में भाग कर कोई सूचना देगा की ताऊ जी आ गए। बच्चो को नही  बाहर दरवाजे पर लटक रहे ताले की चाबी तलाश करनी पड़ेगी कि कौन सी चाबी बाहर वाले ताले की है।

एक शांत दिवाली। ना घर में कोई ठीक से सफाई हो पाएगी ।पटाखे  चलाने वाले बच्चे भी नही होंगे। ना शोर एकदम शांति।  परिवार के बिना क्या त्योहार ?  शायद आने वाले समय में बेटियां अपने घर चली गई तो इस से भी कठोर दिवाली होगी।जहां दो चारपाइयों पर लेटे दंपत्ति को पटाखे की कमी खांसी ही पूरा कर देगी।  मैं भावुक हूं शायद ये मेरी अकेले की पीड़ा हो सकती है या हम सब की पीड़ा है कुछ कह नहीं सकता। शायद कागज पर लिखता तो वह भीग गया होता।

सब बेरंग।  अपनी अपनी बेबसी।

Comments

  1. इमोशनल ब्लॉग अपनापन लगा पढ़ने में

    ReplyDelete

Post a Comment

धन्यवाद