सत्य की खोज

 कल २१जून विश्व योग दिवस मनाया गया। कुछ लेटकर,कुछ बैठ कर कुछ खड़े होकर शरीर की नाना आकृतियां बनवाई गई और उन्हें  भिन्न भिन्न नाम दिए गए। खूब भीड़ जुटी महिला पुरुष बाल वृद्ध नव युवक नव युवतियां। सभी शशक,उष्ट्र,मयूर, ताड़ ,वृक्ष, हल  सब बने। सभी आसन थे,नहीं था तो बस मनुष्य आसन। खान पान के बारे में भी योग गुरु ने बताया। योग के फायदे भी बताए।

नियमित योग अभ्यास कठिन साधना है।उतनी ही कठिन साधना जितनी कि मनुष्य होते हुए भी मनुष्य होना। भीड़ देख कर लगा कि कल से इस शहर में काफी परिवर्तन आएगा। लोग योग आसान को जीवन में अपनाएंगे। लोग स्वास्थ्य पर ध्यान देंगे।  खान पान में सुधार होगा।

मै आज सुबह भी उस पार्क में गया जहां कल गया था। कोई नहीं था। पार्क सूना था आज रौनक नहीं थी ना प्रशासन था ना आयुष विभाग ना पब्लिक।  कल एक शासकीय आयोजन था एक समारोह  जो कल ही समाप्त हो गया।

कुछ लोग निकले हुए पेट को भीतर धंसाने आए थे एक दिन में ही चमत्कार चाहते थे।कुछ पतले थे मोटा होने आए थे। कुछ आए कद बढ़ाने।उन्होंने योग की महिमा सुनी थी।एक दिन में ही चमत्कार की चाह से आए थे। परिणाम तो परिश्रम से आता है नियमित अभ्यास से आता है।उसके लिए अवकाश नहीं है। मैंने भी योग के फायदे सुने थे। इसलिए आज सत्य की खोज के लिए निकला था।शहर के कई पार्क और मैदान घूम आया पर आज कोई योग करता नहीं मिला।

रास्ते में वापसी में चिकित्सालय के पास से निकला तो डॉक्टर्स के घरों के बाहर भीड़ लगी थी। कल के कार्यक्रम में एलोपैथी का एक भी डॉक्टर नहीं था। केवल आयुष विभाग के चिकित्सक थे। सत्य को और अनुसंधान की आवश्यकता थी कि सत्य है क्या आयुष चिकित्सक या एलोपैथी डॉक्टर। चिकित्सालय के सामने वाले मेडिकल और लैब सुबह सुबह खुल जाते है। अगर ये डॉक्टर मेडिकल लैब वाले सुबह सुबह योग करने पार्क में चले जाए तो जनता का क्या होगा। सत्य विचलित हो रहा था अगर ये लोग सुबह योग करने जाएंगे तो इनका घर कैसे चलेगा ।सुबह के रेट भी हाई होते है। योग हाथ जोड़कर इन्हे बुलाता है। पर ये अपने कर्म को ही पूजा मानते है।


Comments

Post a Comment

धन्यवाद