- Get link
- X
- Other Apps
वह सब को अमृत पिला गई और खुद कुंठाये पी गई। वह देव विजेता थी ,त्रिकाल दृष्टा थी। उसे श्रवण का श्राप भी याद था। उसे मां शबरी की चिंता भी थी। उसे पुत्र से मोह भी था और राष्ट्र की चिंता भी थी। उसे आने वाले युगों की भी चिंता थी कि यदि मैं आज पुत्र मोह में रही तो आने वाले कलियुग में सीमाओं पर अपने पुत्रों को कौन भेजेगा। एक नारी ही है जो हर युग में जब देश और धर्म की बात आ जाए तो फिर वो पुत्र और पति मोह से ऊपर उठ जाती है। उसे कुल कालिंकनी कहा गया,पति की मौत का जिम्मेदार ठहराया गया।
सुबह राम राजा बनने वाले थे। राजतिलक की तैयारियां चल रही थीं। इधर देवी कैकेई दुविधा में थी की राम राजा बने या बन जाए।
वह देव विजेता आज बहुत बेचैन थी की यदि राम राजा बन गए तो श्रवण के अंधे माता पिता के दिए हुए श्राप का क्या होगा। मां शबरी रोज रास्ता बुहार कर अपनी कुटिया में राम के आने का इंतजार कर रही है उस माता की प्रतीक्षा का क्या होगा। नारद के शिव गणों को दिए हुए शाप का क्या होगा। भक्त जटायु का उद्धार कैसे होगा। हनुमान सुग्रीव की उम्मीद पर पानी ही फिर जाएगा और उधर केवट भी तो राम की प्रतीक्षा कर रहा है। ऋषि मुनियों के तप का क्या होगा। और रावण जैसे पापी का अंत कैसे होगा।
देवी कैकेई को राम सबसे अधिक प्रिय है। इस कोमल सुकुमार बालक को बन भेजे तो भेजे कैसे? राम बन गए तो लक्ष्मण निसंदेह साथ जायेगे। श्रवण के माता पिता का श्राप भी अवश्य फलित होगा।
देवी कैकेई बहुत बड़ी दुविधा में है। कभी सुकोमल राम और कठोर बन भूमि का चिंतन करती है कभी महाराज दशरथ और श्रवण के माता पिता के श्राप का चिंतन करती है।कभी राष्ट्र का चिंतन तो कभी अत्याचारी बाली और महा पापी रावण के अत्याचारों का सोचती है। कभी सोचती है कि इस धरा पर धर्म की पुनर्स्थापना कैसे हो ।
देवी कैकई राम को मर्यादा पुरुषोत्तम जन जन के राम बनाना चाहती है। राष्ट्र और धर्म से बड़ा कुछ भी नहीं है । इसलिए वह देवी अपना सर्वस्व त्याग कर वह प्रयत्न करती है जिस से राम बन को जाएं। वह उदाहरण बनती है आने वाले युगों में जब सीमाओं पर अपने पुत्रों को भेजना हो तो माताएं विचलित न हों।
देवी कैकेई जानती थी कि आज मेरा नाम मिट्टी में मिल जायेगा।समाज मुझे कुलकलिंकनी पतिघातिनी और न जाने क्या क्या कहेगा। माता कैकेई ने स्वयं से राष्ट्र को ऊपर रखा।
ऐसा त्याग अन्यत्र मिलना दुर्लभ है। यह त्याग भारत की नारी ही कर सकती है।ऐसी माताओं के कारण ही नारी को देवी का स्थान दिया जाता है।
दशरथ के राम जन जन के राम बने। कैकेई के राम केवट,माता शबरी जटायु के राम बने । ऋषियों मुनियों का वर्षों का तप सफल हुआ उन्हे प्रभु के दर्शन हुए। रावण जैसे पापियों से राष्ट्र की रक्षा हुई। धर्म की स्थापना हुई। ये सब हुआ देवी कैकेई के त्याग से।
- Get link
- X
- Other Apps
Comments
आज तो आपने बिल्कुल वैसे ही लिखा है जैसा गुप्त जी ने साकेत में उपेक्षिता उर्मिला को निरूपित किया था । गद्य हो या पद्य ; साहित्य मन को जीतने वाला होना चाहिए और आज की रचना ने सचमुच मन मोह लिया ....अद्भुत 🙏🙏
ReplyDeleteधन्यवाद
Delete