- Get link
- X
- Other Apps
वह ब्रह्मा जी में मानस पुत्री थी। उसका यौवन सदा बना रहेगा यह उसे वरदान प्राप्त था। उसकी सुंदरता ही उसका अभिशाप बन गई थी। स्वर्ग की अप्सराएं भी उसके सौंदर्य के आगे पानी भरती थीं। स्वर्ग के देवता भी उसे पाना चाहते थे।
उसके विवाह हेतु भी शर्त रखी गई थी। जो सबसे पहले तीनों लोकों की परिक्रमा करके लौट आएगा उसके साथ ही विवाह होगा। देवराज इंद्रसहित अनेक देवता इस स्वयंवर में सम्मिलित हुए और तीनो लोकों की परिक्रमा पर निकल पड़े।देवऋषि गौतम ने गर्भवती कामधेनु की परिक्रमा की और सबसे पहले ब्रह्मा जी के पास पहुंच गए।ब्रह्मा जी ने कहा कामधेनु तो तीनो लोकों से बड़ी है।ब्रह्मा जी ने अपनी मानस पुत्री अहिल्या का विवाह गौतम ऋषि से कर दिया।
सद्गुण ही व्यक्ति को देवता बनाते है।गुणों का हास होने पर देवता तो क्या व्यक्ति साधारण मनुष्य भी नहीं रहता। इंद्र की बुद्धि विपरीत हो गई और अहिल्या का सौंदर्य उसका अभिशाप बन गया। इंद्र का देवत्व उनसे विदा हो गया। "जब सिर पर विपदा आती है मति पहले मारी जाती है"यही इंद्र के साथ हुआ।
इंद्र उस पतिब्रता स्त्री के सौंदर्य से इतना प्रभावित हुए की उसे हर स्थिति में पाना चाहते थे। उन्होंने चंद्रमा के सहयोग से अहिल्या को पाने की योजना बनाई। मध्यरात्रि को चन्द्रमा ने मुर्गा बन कर बांग दी। गौतम ऋषि ने जाना कि सवेरा हो गया ।उन्होंने कमंडल उठाया और गंगा स्नान हो निकल गए। चरित्र हीन व्यक्ति में साहस नहीं रहता वह भयग्रस्त रहता है ।भयग्रस्त इंद्र ने चंद्रमा को पहरेदार बनाया और स्वयं गौतम का वेष बनाकर कुटिया में प्रवेश कर गए।
इधर जब गंगा के तट पर गौतम ऋषि पहुंचे तो उन्हें कुछ संदेह सा हुआ की अभी सवेरा नही हुआ है।सती के शील की रक्षक बनी मां गंगा । देवनदी गंगा ने स्वयं प्रकट हो कर गौतम ऋषि को सारा रहस्य बता दिया। गौतम ऋषि क्रोध से लाल हुए लौटे और कुटिया के बाहर बैठे चंद्रमा को शाप दिया कि तुझ पर राहु की दृष्टि सदैव बनी रहेगी। इंद्र कुटिया के बाहर भागा और अपने असली रूप में आ गया गौतम ऋषि ने उसे शाप दिया कि पृथ्वी पर कभी तेरी पूजा नहीं होगी और क्रोध से भरे ऋषि ने अहिल्या को शाप दिया कि तू पत्थर की शिला हो जा। ये कुटिया वीरान हो जायेगी यहां कोई पशु पक्षी नहीं आएगा।
कुछ समय बाद जब ऋषि का क्रोध जाता रहा तो उन्हें आभास हुआ की देवी अहिल्या का तो इसमें कोई दोष नही है।तब उस शिला के पास खड़े हो कर कहा जब भगवान अवतार लेंगे और उनके चरणों की धूल का स्पर्श होगा तो तुम अपने उसी रूप में आ जाओगी। ये कुटिया भी अपने पूर्व सौंदर्य को प्राप्त होगी।
अब अहिल्या न तो शबरी की तरह राम का मार्ग बुहार सकती थी। न केवट की तरह हठ कर सकती थी। न जप तप और मंत्रोच्चार कर सकती थी। उसे सजा भी उस अपराध की मिली जो अपराध उसने किया ही नहीं।
क्रोध भी तो विवेक हर लेता है। उस पतिव्रता साध्वी को जिसने पत्थर की शिला बनाया देवत्व भूल चुके इंद्र को वह पत्थर की चट्टान भी बना सकते थे।सजा तो पतित व्यक्ति को मिलनी चाहिए थी।अहिल्या की कुटिया में तो कोई पशु पक्षी भी नहीं आता था की वह किसी काग या कबूतर के साथ कोई संदेश भेज देती कि मेरा उद्धार करने वाला अवध में अवतरित हो गया है ,वो आएं और मेरा उद्धार करे।
जब ताड़का और सुबाहु का वध करके राम अहिल्या की कुटिया के पास से गुजर रहे थे तब विश्वामित्र ने राम को नहीं बताया बल्कि राम ने स्वयं पूछा कि ये वीरान कुटिया किसकी है तब विश्वामित्र ने सब कथा बताई और कहा प्रभु इसका भी उद्धार कर दीजिए।
भगवान श्री राम के चरणो का स्पर्श होते ही माता अहिल्या अपने पूर्व स्वरूप में आ गई। और प्रभु की स्तुति की। इतना सब सहन करने के बाद भी उस देवी में किसी के प्रति कोई राग नहीं कोई द्वेष नही।उस भारतीय आदर्श नारी को अपने पति से कोई शिकायत नहीं है।वह तो कहती है कि मुनि ने मुझे शाप देकर मेरा भला ही किया है कि मैं नेत्रों से संसार के कष्टों को हरने वाले हरि को देख रही हूं।मुझे उन चरणो का स्पर्श मिला जिन चरणो से गंगा निकली और शिव ने जिसे अपने शीश पर धारण किया है। तुलसी दास जी की अहिल्या राम चरित मानस में प्रभु की स्तुति करती हुई कहती है-
"मुनि श्राप जो दीन्हा अति भल कीन्हा परम अनुग्रह मैं माना।
देखेउँ भरि लोचन हरि भव मोचन इहइ लाभ संकर जाना॥"
यह भारतीय नारी का ही आदर्श चरित्र है जिसे उस अपराध की सजा मिली जो उसने किया ही नहीं फिर भी किसी से कोई शिकायत नहीं साथ ही अपने सौभाग्य की सराहना।धन्य है माता अहिल्या और मेरे प्रभु राम जो मौन हो जड़ हो चुके भक्तो तक पहुंच कर भी उन्हे चेतन कर देते है।
- Get link
- X
- Other Apps
Comments
nice
ReplyDeleteहार्दयस्पर्शी मन को झकझोर कर रख दिया
ReplyDelete