धनतेरस

 मोहल्ले मे  मुख्य सडक पर बन्टू  की आटा  चक्की है चक्की के बाहर  बैठने के लिए एक बैंच और दो तीन कुर्सियां है। जहा दो चार  लोग अपना टाईम  पास करने के लिए हमेशा बैठे रहते है। मेरी भी दिवाली की छुट्टियां है ।कल शाम  को मै भी वहाँ  जाकर बैठ गया। इतने मे सरजू  बाजार  से लौटा तो हाथ मे दो झाडू थी। एक फूल झाडू एक बांस कि झाडू।  मैने मजाक करते हुए पूछा  काका कोई सफाई का काम ले लिया क्या। नही, बाबू आज धन तेरस है।

सरजू ने कहा।

काका धन तेरस पर झाडू का क्या सम्बंध?

मैने पूछा।

झाडू को हमारे यहां लक्ष्मी कहा जाता है दो सौ रूपये  खर्च करके बाबू हम अपने घर लक्ष्मी ले आये है।इतना का कर सरजू आगे बढ गया। मुझे याद आया यदि झाडू मे गलती से पैर लग जाए तो मां कहती थी झाडू के पैर छुओ ।झाडू लक्ष्मी होती है। मां सफ़ाई  करने के बाद झाडू छुपा कर रखती थी आने जाने वालों को दिखाई  नहीं  दे।

इतने मे राघव ठेकेदार जी आये।गाड़ी रोकी  नीचे उतरे मिठाई का डिब्बा गाड़ी से निकाला एक एक वर्फी का पीस सबको दिया। मैने पूछा ठेकेदार जी आज मिठाई कैसे बांट रहे हो। ठेकेदार जी बोले प्रसाद है आज धन तेरस है नई  गाड़ी ली है तो खेजड़ी हनुमान मन्दिर प्रसाद चढा कर आये है।  वहाँ बैठे सभी लोगों ने उन्हे बधाई दी।

  गली मे आज बड़ी रौनक थी।बाजार कि तरफ आज सभी लोग ऐसे जा रहे थे जैसे मोहल्ले में आग लग गई हो और मोहल्ला छोड़कर भाग रहे हों।कुछ पैदल तो कुछ अपने वाहनों से तो कुछ आटो मे बैठ कर।  कुछ पुरुष तो कुछ महिलाए तो कुछ दंपत्ति। इधर से जा तो सब रहे थे खली हाथ पर उधर बाजार की तरफ से सभी कुछ ना कुछ लेकर आ रहे थे।

किसी महिला के हाथ मे सिल्वर का बड़ा भगौना था तो किसी के हाथ मे स्टील कि परात । कोई तांबे का लोटा सुर्य भगवन को जल चढ़ाने के लिए लेकर आ रहा था तो कोई रात को भर कर सुबह पानी  पीने के लिए तांबे का जग थाली ,लोटा, चम्मच, गिलास,तवा,कढाई नाना प्रकार के  बर्तन लेकर महिलाएं आ रही थी।

  पण्डित मोती लाल शास्त्री भी बाजार से आते हुए चक्की पर रुके।उनके हाथ  मे एक थैली थी।  मैने पूछा दादा क्या ले आए धन तेरस पर?

 शास्त्री जी ने कहा आज धनवंतरि जयंती है। ये आरोग्य का पर्व है इसलिए आंवला, हरड़, बहेड़ा लेकर आया हूं। इतने में चक्की के सामने वाली शारदा दीदी आ गई। दीदी से  भी मैने पूछ लिया दीदी क्या लाई आज धन तेरस पर? 

कुछ नहीं भैया एक चांदी का सिक्का लेकर आई हूं।शारदा दीदी ने उत्तर दिया।

अरे दीदी जब सिक्का ही लाई तो सोने का लाती चांदी का क्यों? मैने पूछ लिया।

भाव पता है सोने का आग लगी है महंगाई आसमान छू रही है।बड़बड़ाते हुए दीदी घर के अंदर चली गई।

कुछ भी हो धनतेरस पर सब का काम खूब चलता है। चाहे मंहगाई आसमान छुए चाहे भाव को आग लगे। जिसकी जेब भारी है जम कर खरीददारी करता है। सब अपने अपने हिसाब से खरीददारी करते है। मैं भी सरजू काका की तरह झाड़ू लेकर ही आया हूं। बेबसी को कुछ भी नाम दिया जा सकता है। खरीदना तो सरजू काका और मै भी बहुत कुछ चाहते थे ,पर बेबसी को सरजू काका ने लक्ष्मी  का नाम दे दिया।

Comments

Post a Comment

धन्यवाद