समाज व युग प्रवर्तक शिक्षक

 नेता भ्रष्ट है दिन पर दिन बड़े से बड़े घोटाले हो रहे हैं। सरकारी बड़े पद पर बैठे नौकर शाह भ्रष्ट है और नेताओं  के सब अनैतिक काम में भागीदार है। ये भागीदारी बिना स्वार्थ के नहीं है एक दूसरे के के काम आते है दोनों सहयोगी की भूमिका में है। अधिकारी को मन माफिक पोस्टिंग इन्हीं नेताओं से मिलती है। इसलिए उनके उचित अनुचित सब कार्य कर देते हैं। देश को या आमजन को नुकसान हो तो हो हम अपनी नौकरी चैन पूर्वक कर सकते है। नेता उन अधिकारियों को तब तक ही मान सम्मान देते है जब तक वे उनके काम आते है। अधिकारी और कर्मचारी केवल अपने तबादले से डरता है नेता इस से ज्यादा कुछ बिगाड़  नहीं सकते। कई बार तो गली मोहल्ले स्कूल कॉलेज के नेता भी जिले के आला अफसरों से बेहूदे तरीके से बात करते है और अधिकारी बचाव की मुद्रा में नजर आते है।

नौकरी आसानी से प्राप्त नहीं होती इसके लिए 15-20 वर्ष  की पढ़ाई और उसके बाद कोचिंग का खर्च,  घर परिवार से दूर रहकर पढ़ाई और खान पान की चिंता किए बिना कठोर परिश्रम करना पड़ता है। नौकरी पाने की तैयारी में  इतना टूट जाता है कि साहस जवाब दे जाता है।

इन सबका कारण एक ही है कि शिक्षक ने अपनी भूमिका भुला दी है। आखिर वह भी तो कर्मचारी है वह भी कठिन परिश्रम से नौकरी लगा है उसका भी साहस जवाब दे गया है।

एक कलम ,एक किताब,एक विद्यार्थी, एक शिक्षक समाज में परिवर्तन ल सकता है। एक शिक्षक का पद पा लेना सब कुछ प लेने जैसा समझना चाहिए। लेकिन भौतिकता के प्रभाव  शिक्षक पर भी पड़ा है। वह पहले तो चाहता है कि शिक्षक बन जाए प्रदेश में कही लग जाए। फिर जिले में पोस्टिंग चाहता है फिर ब्लॉक में पोस्टिंग चाहता है फिर घर के पास पोस्टिंग चाहता है। थर्ड ग्रेड लगने के बाद सेकंड ग्रेड सेकंड ग्रेड के बाद फर्स्ट ग्रेड बनना चाहता है  और इसमें कोई कामयाबी न मिले तो नेटवर्किंग मार्केटिंग या पति-पत्नी के नाम से किसी बीमा कंपनी का एजेंट बन जाता है। पूरा शिक्षक जीवन तबादला और अधिक पाने की आशा में लगा देता है।  वह पूर्णकालिक शिक्षक न होकर पार्ट टाइम शिक्षक बन कर रह जाता है। उसके आदर्श राधाकृष्णन और चाणक्य नहीं है। उसका आदर्श नेटवर्किंग मार्केटिंग में डायमंड बना उसका साथी शिक्षक है। 

शिक्षक  एक पद नहीं दायित्व है। जिसके ऊपर समाज परिवर्तन का दायित्व है। जिसे अपने शिक्षार्थी को निडर और साहसी बनाना है।जिसे अपने शिक्षार्थी का नैतिक, आध्यात्मिक, शारीरिक,मानसिक,बौद्धिक विकास करना है। जिस से हर कठिन से परिस्थिति से मुकाबला कर वह बाहर निकल सके। केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाकर उसे रटा कर शिक्षार्थी अच्छे अंक तो पा सकता है पर एक श्रेष्ठ नागरिक नहीं बन सकता है।

"जिसने चोंच दी है वह चुग्गा भी देगा" यह उक्ति अकर्मण्यता के लिए नहीं है कि हम कोई काम न करे घर बैठ जाए यह उक्ति साहस और निडरता के लिए है कि हम किसी के  अनैतिक दबाव में नहीं आएंगे चाहे नौकरी रहे या न रहे। यह सीख कर ही हमारे शिक्षार्थी जब बड़े पदों पर पहुंचेंगे तब बिना किसी भय के कम कर पाएंगे।  शिक्षार्थी को सिखाना पड़ेगा कि दूसरे को पीड़ा पहुंचाना पाप और परोपकार ही पुण्य है-

"अष्टादश पुराणेषु व्यासस्य वचन द्वयम।

 परोपकार  पुण्याय  पापाए  पर पीड़नम।।"

 स्वर्ग और नर्क  की धारणा  भी सत्कर्म की ओर अग्रसर करने के लिए है। ये धारणा भी विकसित करनी होगी न कि तर्कशीलता से इसका खंडन करना होगा। 

पराया धन धूल के समान है। लालच नहीं करना चाहिए। संतोष सबसे बड़ा सुख है। ये उक्तियां विद्यालय की दीवारों पर ही लिखी नहीं रहे।ये शिक्षार्थी के हृदय पटल पर अंकित हो ये सब संभव जब होगा जब  हम इसे अपने जीवन में उतारेंगे।क्योंकि शिक्षार्थी अनुकरण से सीखता है वह आपका अनुकरण करता है। यदि प्रत्येक शिक्षक प्रति वर्ष एक शिक्षार्थी को भी तैयार कर सके। तो आने वाले दस बीस वर्षों में देश की तस्वीर अवश्य बदलेगी। राष्ट्र जीवन में इतना समय ज्यादा नहीं होता।हम अपने जीवन काल में ही  ईमानदार और अच्छे अफसर और नेता देकर देश को अच्छे हाथों में देख पाएंगे ।

शिक्षक अभाव में जीकर अपने शिक्षार्थी में भाव पैदा कर सकता है। आज आप से शिक्षा प्राप्त किए  विद्यार्थी किसी बड़े पद पर बैठे है कभी उनके पास जाकर देखना अधिकांश आप को देखकर अनजान सा व्यवहार करते है। खुद अभाव में जीकर कष्ट सहकर चाणक्य बनना होगा तब चंद्रगुप्त का निर्माण संभव होगा। समाज और देश में परिवर्तन संभव हो सकेगा। आप सभी शिक्षकों को शिक्षक  दिवस की शुभकामनाएं।

Comments